हरियाणा में CET पास युवाओं को मिलेगा मानदेय, 1 नवंबर से सक्षम युवा योजना का लाभ शुरू

हरियाणा सरकार ने 1 नवंबर 2026 से CET पास बेरोजगार युवाओं को सक्षम युवा योजना के तहत मानदेय देने की घोषणा की है। फतेहाबाद में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।

हरियाणा में CET पास युवाओं को मिलेगा मानदेय, 1 नवंबर से सक्षम युवा योजना का लाभ शुरू

➤ 2 साल तक नौकरी नहीं मिलने पर CET पास युवाओं को मिलेगा मानदेय और 100 घंटे का काम

➤ फतेहाबाद में बनेगा श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर

➤ पंचकूला, गुरुग्राम समेत कई जिलों में AI, रोबोटिक्स और ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर खुलेंगे


चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने CET पास बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि 1 नवंबर 2026 से सक्षम युवा योजना के तहत उन युवाओं को मानदेय दिया जाएगा, जिन्हें CET पास करने के दो वर्ष बाद भी रोजगार नहीं मिला होगा। ऐसे युवाओं को आर्थिक सहायता के साथ 100 घंटे का कार्य भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा विकसित भारत विजन-2047 के तहत रोजगार, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन की समीक्षा बैठक के दौरान की। सरकार के सर्वे के अनुसार प्रदेश में 5 लाख 40 हजार 428 CET पास युवा चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से इस योजना का लाभ मिलेगा।

फतेहाबाद को मिला बड़ा तोहफा

मुख्यमंत्री ने बैठक में फतेहाबाद में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर स्थापित करने की भी घोषणा की। इसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां आधुनिक तकनीकों पर आधारित कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा फतेहाबाद, सुल्तानपुर और अन्तेड़ी में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे।

AI और नई तकनीकों पर रहेगा फोकस

सरकार ने कौशल विकास को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की योजना बनाई है। पंचकूला और गुरुग्राम में AI हब विकसित किए जाएंगे। वहीं 2 लाख युवाओं को हार्ड स्किल ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा करनाल, पंचकूला और पानीपत में AI, रोबोटिक्स और ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिन पर करीब 20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

ITI नेटवर्क का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी ITI का आधुनिकीकरण किया जाएगा। प्रत्येक जिले में मॉडल ITI स्थापित करने की योजना है, जबकि हर ब्लॉक तक ITI पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में 143 ब्लॉकों में से 117 ब्लॉकों में ITI संचालित हैं।

नई ITI चरखी दादरी के झोझू कलां, कारीरूपा और रणकौली, जींद के पिल्लूखेड़ा, पंचकूला के बरवाला, कुरुक्षेत्र के बसंतपुर और नलवी खुर्द में स्थापित की जाएंगी। वहीं नारनौल महिला ITI का भी नवीनीकरण किया जाएगा।

51 हजार युवाओं को मिला रोजगार

बैठक में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत हरियाणा को देश के टॉप-10 राज्यों में स्थान मिला है। इस योजना के माध्यम से अब तक 51 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।