कंगना के बयान पर नरेश चौहान का पलटवार, BJP से मांगा जवाब
कंगना रनौत के Gen-Z संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने BJP से स्पष्टीकरण मांगा और CM सुक्खू की संपत्ति पर लगाए आरोपों का भी जवाब दिया।
कंगना रनौत के बयान पर नरेश चौहान का पलटवार, BJP से मांगा स्पष्टीकरण
बोले- सांसद होने के नाते कंगना को जिम्मेदारी के साथ देना चाहिए बयान
CM सुक्खू की संपत्ति पर लगाए जा रहे आरोपों को बताया भ्रामक
शिमला। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने मंडी सांसद कंगना रनौत के Gen-Z को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भविष्य की पीढ़ी के सामने इस तरह की भाषा और सोच प्रस्तुत नहीं की जानी चाहिए।
नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को स्पष्ट करना चाहिए कि कंगना रनौत का बयान भारतीय जनता पार्टी की आधिकारिक पार्टी लाइन है या उनका व्यक्तिगत मत। उन्होंने कहा कि एक सांसद होने के नाते कंगना रनौत की जिम्मेदारी अधिक है और उन्हें संवेदनशील विषयों पर सोच-समझकर बयान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता कंगना रनौत की कार्यशैली और बयानबाजी से पहले से परिचित है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व को इस मामले पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की संपत्ति को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी नरेश चौहान ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग तथ्यों को तोड़-मरोड़कर और अधूरी जानकारी के आधार पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। विभिन्न रिपोर्टों को सही संदर्भ में देखने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं की पूरी जानकारी पहले से ही जनता के सामने होती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पिछले करीब 20 वर्षों से विधायक रहे हैं और उनकी राजनीतिक व सार्वजनिक यात्रा किसी से छिपी नहीं है। तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत कर किसी की छवि खराब करने की कोशिश उचित नहीं है।
pooja