अमित शाह ने पंचकूला में अटल बिहारी वाजपेयी की 41 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण
पंचकूला में अमित शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी की 41 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। अटल पार्क, 250 ई-लाइब्रेरियों और कॉफी टेबल बुक का भी शुभारंभ हुआ।
- अमित शाह ने पंचकूला में अटल बिहारी वाजपेयी की 41 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण
- अटल पार्क को मिला आकार, ट्राईसिटी की सबसे ऊंची नेता प्रतिमा बनी पहचान
- 250 अटल ई-लाइब्रेरियों का वर्चुअल उद्घाटन, कॉफी टेबल बुक भी जारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-1 स्थित अटल पार्क में उनकी 41 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली मौजूद रहे।
15 फीट ऊंचे चबूतरे सहित प्रतिमा की कुल ऊंचाई नेचुरल ग्राउंड लेवल से 56 फीट है। पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने इस प्रतिमा का निर्माण मात्र 25 दिनों में पूरा किया। यह ट्राईसिटी में किसी भी प्रमुख नेता की अब तक की सबसे ऊंची और भव्य प्रतिमा बताई जा रही है। कांस्य से निर्मित इस प्रतिमा को उच्च स्थायित्व और सौंदर्य सटीकता के साथ डिजाइन किया गया है।
जिस अटल पार्क में प्रतिमा स्थापित की गई है, उसे लगभग 20,786 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। पार्क को अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों, दृष्टिकोण और विरासत को समर्पित एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अटल पार्क की विशेषताओं पर आधारित एक वीडियो प्रस्तुति भी दिखाई गई।
पार्क में भव्य प्रवेश द्वार और प्लाजा, अटल गैलरी, ओपन एयर थिएटर, फूड कियोस्क, शौचालय और सूचना कार्यालय जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही बाल विज्ञान वनया वाटिका, योग वाटिका, आयुर्वेद वाटिका, सुगंध वाटिका, कलाकृति वाटिका और सांस्कृतिक वाटिका जैसे थीम आधारित ज़ोन भी बनाए जा रहे हैं। लेज़र ज़ोन, सजावटी एलईडी लाइटिंग और सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था भी पार्क का हिस्सा होगी।
प्रतिमा के अनावरण को अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, उनके दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री ने भाजपा कार्यालय पंचकमल में अटल बिहारी वाजपेयी और हरियाणा के साथ उनके गहरे जुड़ाव पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। प्रदर्शनी में उनके सार्वजनिक जीवन, राष्ट्र निर्माण में योगदान और हरियाणा से जुड़े पहलुओं को दर्शाया गया।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने राज्य भर में 250 अटल ई-लाइब्रेरियों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इनका उद्देश्य युवाओं में पढ़ने की आदत और ज्ञान साझा करने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक भी जारी की, जिसमें उनके जीवन, नेतृत्व और भारतीय राजनीति पर उनके स्थायी प्रभाव को संकलित किया गया है।
Akhil Mahajan