सिंगर बी प्राक को धमकी, लॉरेंस गैंग ने कहा- '10 करोड़ दो वरना मिट्टी में...'
पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से 10 करोड़ की रंगदारी की धमकी। विदेशी कॉल और ऑडियो मैसेज के बाद मोहाली पुलिस जांच में जुटी।
- पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से 10 करोड़ की रंगदारी की धमकी
- दोस्त दिलनूर को विदेशी नंबर से कॉल और ऑडियो मैसेज, एक हफ्ते की चेतावनी
- मोहाली पुलिस ने दर्ज किया केस, कॉल की जांच में जुटी एजेंसियां
पंजाबी और बॉलीवुड के मशहूर सिंगर बी प्राक को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सिंगर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। धमकी देने वालों ने साफ कहा है कि अगर तय समय में रकम नहीं दी गई, तो सिंगर को गंभीर नुकसान पहुंचाया जाएगा।
यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि उनके करीबी दोस्त और पंजाबी सिंगर दिलनूर को दी गई है। शिकायत के अनुसार, 5 जनवरी को दिलनूर के पास एक विदेशी नंबर से दो मिस्ड कॉल आए, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद 6 जनवरी को एक अन्य विदेशी नंबर से कॉल आया, जो संदिग्ध लगने पर काट दिया गया।
कॉल कटने के कुछ ही देर बाद दिलनूर को एक ऑडियो वॉइस मैसेज मिला। इस मैसेज में कॉल करने वाले ने खुद को अरजू बिश्नोई बताते हुए कहा कि वह बी प्राक के लिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती का संदेश पहुंचा दे। ऑडियो में चेतावनी दी गई कि एक हफ्ते के भीतर रकम नहीं दी गई तो बी प्राक को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिलनूर ने तुरंत एसएसपी मोहाली के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां विदेशी नंबरों, कॉल डिटेल्स और वॉइस मैसेज की तकनीकी पड़ताल कर रही हैं, ताकि धमकी देने वालों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला संगठित अपराध और रंगदारी से जुड़ा हुआ है। बी प्राक की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है, लेकिन पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
Akhil Mahajan