टटीरी सॉन्ग विवाद में सिंगर बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश समन पर पेश नहीं हुए बादशाह, महिला आयोग ने दिया सख्त निर्देश
टटीरी सॉन्ग विवाद में हरियाणा महिला आयोग ने सिंगर बादशाह की गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए हैं। समन के बावजूद सिंगर पानीपत में पेश नहीं हुए थे।
टटीरी सॉन्ग विवाद: सिंगर Badshah की गिरफ्तारी के आदेश; महिला आयोग ने SP को पासपोर्ट जब्त करने को कहा
■ समन पर पेश नहीं हुए सिंगर बादशाह, महिला आयोग ने गिरफ्तारी के निर्देश दिए
■ अध्यक्ष रेनू भाटिया ने पंचकूला और पानीपत SP को पासपोर्ट जब्त करने को कहा
■ टटीरी सॉन्ग के आपत्तिजनक लिरिक्स और वीडियो को लेकर विवाद
हरियाणा में टटीरी सॉन्ग विवाद को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बॉलीवुड सिंगर-रैपर Badshah की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए हैं। शुक्रवार को समन पर सिंगर के पानीपत में पेश नहीं होने के बाद आयोग ने सख्त रुख अपनाया।
पानीपत में हुई बैठक के दौरान हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष Renu Bhatia ने कहा कि यदि बादशाह निर्धारित समय तक पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने पंचकूला और पानीपत के एसपी को बादशाह की गिरफ्तारी और उनका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए, ताकि वह देश छोड़कर न जा सकें।
बैठक में बादशाह की ओर से तीन वकीलों का पैनल पेश हुआ। एडवोकेट अक्षय दहिया ने आयोग को बताया कि सिंगर अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट के कारण पेश नहीं हो सके हैं और आगे की तारीख देने का अनुरोध किया। हालांकि आयोग ने उन्हें दोपहर 3 बजे तक का समय दिया था।
वकीलों ने दलील दी कि बादशाह पहले ही वीडियो जारी कर विवाद पर माफी मांग चुके हैं और वह कोई अपराधी नहीं हैं। बावजूद इसके आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि Badshah का टटीरी सॉन्ग 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था, जिसके बाद से ही यह विवादों में आ गया। गाने के कुछ लिरिक्स और वीडियो सीन को महिलाओं के लिए आपत्तिजनक बताया गया। इसके विरोध में कई सामाजिक संगठनों और खाप पंचायतों ने आवाज उठाई।
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने पंचकूला और जींद में अलग-अलग तीन केस दर्ज किए, जबकि पंचकूला पुलिस ने गाने को यूट्यूब से भी हटवा दिया।
गाने में बिना अनुमति शूटिंग का आरोप
गाने के वीडियो में जींद रोडवेज की बस और नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल के सीन दिखाए गए हैं।
संबंधित विभागों का आरोप है कि फिल्मांकन के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। इसके अलावा वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों को बस के ऊपर खड़े होकर बैग फेंकते दिखाया गया, जिसे लेकर भी समाज में गलत संदेश देने की शिकायतें सामने आईं।
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा था
कि यदि गाने के कुछ बोल और सीन से किसी को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगते हैं। उन्होंने खुद को हरियाणा का बेटा बताते हुए लोगों से उन्हें माफ करने की अपील की थी।
फिलहाल महिला आयोग के निर्देशों के बाद मामला और गंभीर हो गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
shubham