Breaking: BJP जॉइनिंग से पहले BBMB चेयरमैन की पत्नी को धमकी, इंटेलिजेंस अलर्ट के बाद पंचकूला में भाजपा कार्यक्रम रद्द
BBMB चेयरमैन की पत्नी दीप्ति त्रिपाठी को भाजपा जॉइनिंग से पहले धमकी मिली। इंटेलिजेंस इनपुट के बाद पंचकूला में कार्यक्रम रद्द किया गया और परिवार की सुरक्षा बढ़ाई गई।
- BBMB चेयरमैन की पत्नी दीप्ति त्रिपाठी को BJP जॉइनिंग से पहले धमकी
- इंटेलिजेंस इनपुट के बाद पंचकूला में कार्यक्रम ऐन वक्त पर रद्द
- परिवार की सुरक्षा बढ़ाई गई, नई तारीख बाद में तय होगी
भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी की पत्नी दीप्ति त्रिपाठी को भाजपा में शामिल होने से ठीक पहले धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इंटेलिजेंस एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद पंचकूला में होने वाला भाजपा जॉइनिंग कार्यक्रम तुरंत रद्द कर दिया गया। सुरक्षा कारणों के चलते दीप्ति त्रिपाठी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दरअसल, बुधवार को पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में दीप्ति त्रिपाठी के भाजपा में शामिल होने को लेकर कार्यक्रम तय था। इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल और कालका से विधायक शक्ति रानी के पहुंचने की भी तैयारी थी। दीप्ति त्रिपाठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होने वाली थीं, इसी दौरान इंटेलिजेंस की तरफ से खतरे की सूचना मिली।
सूत्रों के अनुसार, इनपुट में बताया गया कि पंजाब के एक प्रतिबंधित संगठन की ओर से दीप्ति त्रिपाठी को खतरा हो सकता है। इस जानकारी के बाद भाजपा कार्यालय में भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थगित करने की सलाह दी। इसके बाद तुरंत जॉइनिंग रोक दी गई।
इंटेलिजेंस रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने दीप्ति त्रिपाठी के घर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और खतरे के आकलन के बाद ही अगला कार्यक्रम तय किया जाएगा।
दीप्ति त्रिपाठी ने कहा कि वह लंबे समय से समाज कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। राजनीति में आने का उनका उद्देश्य लोगों की सेवा के दायरे को और बड़ा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह जल्द ही भाजपा जॉइन करेंगी और जॉइनिंग को लेकर बनाए जा रहे राजनीतिक विवाद से वह आहत हैं।
Akhil Mahajan