दशहरे पर भिवानी पुलिस ने किए सुरक्षा के कड़े इंतजाम,रावण दहन स्थलों पर तैनात रहेंगे 23 नाके और 21 पुलिस राइडर
भिवानी में दशहरे पर्व को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। 23 नाके, 21 पुलिस राइडर और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। रावण दहन स्थलों पर बैरिकेटिंग, पार्किंग और अग्निशमन की व्यवस्था भी की गई है।
➤ भिवानी पुलिस ने दशहरे पर्व पर सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम
➤ जिले में 23 नाके, 21 पुलिस राइडर और अतिरिक्त बल तैनात
➤ रावण दहन स्थलों पर बैरिकेटिंग, पार्किंग और अग्निशमन की व्यवस्था
भिवानी में दशहरे पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। आगामी 2 अक्टूबर को होने वाले रावण दहन को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार (भा.पु.से.) ने बताया कि कानून व्यवस्था, यातायात और जन-धन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
भिवानी जिले में सुरक्षा को देखते हुए 23 पुलिस नाके और 21 पुलिस राइडर की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा हर स्थल पर महिला पुलिसकर्मियों और सिविल ड्रेस में अधिकारियों को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात को सुचारू रूप से चलाने और आवश्यकता पड़ने पर डायवर्ट करने के लिए यातायात पर्यवेक्षण अधिकारी और थाना प्रबंधक अतिरिक्त बल के साथ मौजूद रहेंगे।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे आयोजन समितियों के साथ तालमेल रखकर काम करें। रावण दहन स्थलों पर बैरिकेटिंग, प्रवेश-निकास के लिए अलग रास्ते, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही समिति के अधिक से अधिक स्वयंसेवकों को भी ड्यूटी पर लगाया जाए।
पुलिस अधिकारियों और स्वयंसेवकों से कहा गया है कि वे आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखें। वहीं, आयोजकों को प्रशासन से मिली अनुमति की सभी शर्तों का पालन करने के लिए कहा गया है।
एसपी सुमित कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों में स्वयं मौजूद रहें और किसी भी स्तर पर पुलिस व्यवस्था में कमी न आने दें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि दशहरे के अवसर पर शांति और सद्भाव बनाए रखें, रावण दहन के समय पुतलों के पास न जाएं और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।