पेड़ से टकराई टाटा ऐस, 3 महिलाओं की मौत़़,15 घायल, भिवानी में शोक जताने जा रहे थे

भिवानी के नवा धिराणा गांव के पास शोक जताने जा रही टाटा ऐस पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार की 3 महिलाओं की मौत और 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। 4 की हालत गंभीर बनी हुई है।

पेड़ से टकराई टाटा ऐस, 3 महिलाओं की मौत़़,15 घायल, भिवानी में शोक जताने जा रहे थे

पेड़ से टकराई टाटा ऐस, 3 महिलाओं की मौत
शोक जताने जा रहा था एक ही परिवार, 15 से ज्यादा घायल
4 की हालत गंभीर, क्रिटिकल केयर यूनिट में इलाज जारी


हरियाणा के भिवानी में रविवार दोपहर हुआ एक भीषण सड़क हादसा कई परिवारों को गहरे शोक में छोड़ गया। नवा धिराणा गांव के पास शोक जताने जा रही एक टाटा ऐस (छोटा हाथी) अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक ही परिवार की तीन बुजुर्ग महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची एम्बुलेंस।

हादसा रविवार  हुआ। भिवानी के गांव कलिंगा से कुछ लोग टाटा ऐस में सवार होकर कालूवाला गांव में शोक व्यक्त करने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी तेजवीर के अनुसार नवा धिराणा ढाणी के पास अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी। वाहन में 15-16 लोग सवार थे। टक्कर के बाद कई यात्री वाहन में ही फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान मूर्ति (60), कृष्णा (65) और फूलवती (62) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं भिवानी के गांव कलिंगा की रहने वाली थीं और एक ही परिवार से थीं। घायलों में शिवकुमार, वेदप्रकाश, बनीता, नरेश, बीरमती, सत्यनारायण, शीला, संतोष, बलराम, नेहा, तनु, गोविंद, दुष्यंत, पुरुषोत्तम और सुनीता शामिल हैं। सभी को तुरंत चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल, भिवानी में भर्ती कराया गया, जहां इमरजेंसी यूनिट में उपचार जारी है।

घायलों का चौधरी बंसीलाल अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में इलाज चल रहा है।

डॉक्टर मनीष श्योराण ने बताया कि अस्पताल पहुंचाए गए 15-16 घायलों में से तीन की पहले ही मौत हो चुकी थी। तीन से चार मरीजों की हालत गंभीर है। हेड और चेस्ट इंजरी की आशंका को देखते हुए उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है और उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट में रखा गया है।

हादसे की सूचना घायलों के साथियों ने डायल 112 और एंबुलेंस को दी। हालांकि एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही कुछ घायलों को पिकअप वाहन से अस्पताल पहुंचा दिया गया था। पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के कारण को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक अचानक संतुलन खो बैठा, जबकि कलिंगा गांव के सरपंच सोनू शर्मा ने दावा किया कि गाड़ी का टायर निकल गया था, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। पुलिस तकनीकी जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

अस्पताल में कागजी कार्रवाई करती पुलिस।

घटना की सूचना मिलते ही भिवानी के डीसी साहिल गुप्ता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि प्रशासन घायलों के इलाज के लिए पूरी कोशिश कर रहा है। जिन मरीजों को रेफर करने की जरूरत है, उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सीएमओ के निर्देशन में डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार से तीन महिलाओं की जान लेकर पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।