चानौत गांव को हर हाल में मिलेगा भाखड़ा का पेयजल: गंगवा, बोले- बहकावे में न आएं ग्रामीण

कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि चानौत गांव को हर हाल में भाखड़ा नहर से नियमित पेयजल मिलेगा। गांव के लिए अलग पाइपलाइन, बिजली व्यवस्था और आरसीसी टैंक का निर्माण किया जाएगा।

चानौत गांव को हर हाल में मिलेगा भाखड़ा का पेयजल: गंगवा, बोले- बहकावे में न आएं ग्रामीण

चानौत गांव के लिए अलग पाइपलाइन और बिजली व्यवस्था होगी तैयार

टी-कनेक्शन मामले की होगी जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई

ग्रामीणों से बोले गंगवा- विपक्ष के बहकावे में न आएं


हांसी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने चानौत गांव की पेयजल समस्या को लेकर सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि चानौत गांव को हर हाल में भाखड़ा नहर से पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता गांव की जल समस्या का स्थायी समाधान करना है और भविष्य में गांव में पानी की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि भाखड़ा नहर से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए गांव के लिए स्वतंत्र जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके साथ ही अलग बिजली व्यवस्था भी विकसित की जा रही है, ताकि जलापूर्ति बिना किसी बाधा के लगातार जारी रह सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अमृत योजना का बजट केवल शहरी क्षेत्रों के लिए निर्धारित है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत विकास कार्य किए जाते हैं। इसी नीति के अनुरूप चानौत गांव की पेयजल व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत किया जा रहा है।

आरसीसी जल टैंक का टेंडर जारी

रणबीर सिंह गंगवा ने बताया कि गांव में आरसीसी जल टैंक के निर्माण का टेंडर जारी हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि सरकार पहले चानौत गांव को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराएगी, उसके बाद शहर की जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

विपक्ष पर लगाया गुमराह करने का आरोप

कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी दलों के लोग ग्रामीणों को गलत जानकारी देकर भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी तरह के बहकावे में न आएं और सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों पर विश्वास रखें।

टी-कनेक्शन विवाद की होगी जांच

भाखड़ा नहर से हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन में टी-कनेक्शन लगाने के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में गंगवा ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार योजनाओं पर काम किया जा रहा है।