कुरुक्षेत्र में CM सैनी ने सुनी ‘मन की बात’, विपक्ष पर साधा निशाना
कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के साथ सुना और कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर योजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए निशाना साधा।
■ कुरुक्षेत्र में CM सैनी ने कार्यकर्ताओं संग सुनी ‘मन की बात’
■ कांग्रेस और AAP पर साधा निशाना, योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप
■ वैश्विक संकट में एकजुट रहने और अफवाहों से बचने की अपील
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने सेक्टर-8 स्थित भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल कार्यक्रम का हिस्सा बनकर प्रधानमंत्री के संदेश को सुना, बल्कि कार्यकर्ताओं से जिले में चल रहे विकास कार्यों की फीडबैक भी ली। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशभर के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिसमें समाज और राष्ट्र के लिए अच्छा काम करने वाले लोगों की कहानियां सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक सोच पैदा करते हैं, साथ ही देश में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर युद्ध जैसे हालात का जिक्र करते हुए देशवासियों को एकजुट रहने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
सीएम सैनी ने पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों पर भी बात की और कहा कि यह समस्या केवल भारत की नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर की है। उन्होंने बताया कि युद्ध के चलते पूरी दुनिया में कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने एक्साइज ड्यूटी कम करके आम जनता पर बोझ कम करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार जनता के हित में फैसले ले रही है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम ज्यादा और बातें कम होती हैं, जबकि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के शासन में इसका उल्टा देखने को मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों के कार्यकाल में योजनाएं तो बनाई जाती हैं, लेकिन वे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती हैं, जिससे आम जनता ठगा हुआ महसूस करती है।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में लोगों की समस्याओं को दूर करने का काम मोदी सरकार ने किया है और अब पंजाब की बारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग भी बदलाव चाहते हैं और बेहतर सुविधाओं की उम्मीद कर रहे हैं। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सोनीपत के गोहाना के लिए रवाना हो गए, जबकि शाम को उनके पंजाब में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होने की भी योजना है।
shubham