फुले जयंती पर CM सैनी का बड़ा संदेश, शिक्षा और समानता पर दिया जोर
कुरुक्षेत्र में महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा, समानता और सामाजिक जागरण पर जोर दिया। संस्थान की आधारशिला रखी और 51 लाख की सहायता की घोषणा की।
■ मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर दी श्रद्धांजलि
■ कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय समारोह में की शिरकत, संस्थान की रखी आधारशिला
■ शिक्षा, समानता और सामाजिक जागरण पर दिया जोर
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने महान समाज सुधारक को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके विचारों और संघर्षों को देश के सामाजिक इतिहास में नई दिशा देने वाला बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा फुले के सिद्धांत आज भी समाज को शिक्षा, समानता और न्याय की राह दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि यह समारोह सामाजिक जागरण और समानता के संकल्प को पुनर्जीवित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की आधारशिला भी रखी। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनी शिक्षा समिति समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और सैनी समाज ने हमेशा मेहनत, ईमानदारी और सेवा को अपना धर्म माना है। उन्होंने सावित्रीबाई फुले को भी समाज की महान धरोहर बताते हुए उनके योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। साथ ही, महात्मा फुले के मार्ग पर चलते हुए एक ऐसे समाज के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है जो समानता, न्याय और भाईचारे पर आधारित हो।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले कॉलेज ऑफ नर्सिंग संस्थान को जल्द शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा सैनी समाज सभा कुरुक्षेत्र को अपने ऐच्छिक कोटे से 51 लाख रुपये देने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने सभी से आह्वान किया कि शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प लें।
shubham