दिल्ली विधानसभा को धमकी, ईमेल में 16 IED का दावा
दिल्ली विधानसभा को ईमेल के जरिए धमकी मिली, 16 IED होने का दावा, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर, जांच शुरू।
■ दिल्ली विधानसभा को बम धमकी ईमेल से अलर्ट
■ ईमेल में 16 RDX IED और दोपहर 1:40 बजे धमाका का दावा
■ सुरक्षा एजेंसियां और साइबर सेल जांच में जुटी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार को एक बार फिर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया है। धमकी एक ईमेल के जरिए आई, जिसमें दावा किया गया कि विधानसभा परिसर में 16 RDX IED लगाए गए हैं और दोपहर 1:40 बजे धमाका होगा। धमकी भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर का निवासी बताया और पहले किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थक होने का दावा किया। ईमेल में यह भी कहा गया कि पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी और जाफर सादिक के खिलाफ चल रहे CBI मामलों को वापस लिया जाए और तमिलनाडु की राजनीति के संदर्भ में उदयनिधि स्टालिन और DMK पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया गया।
ईमेल में भेजने वाले ने यह भी दावा किया कि उनके पास नक्सलियों और पाकिस्तान से जुड़े विस्फोटक संसाधन हैं, जिनका इस्तेमाल अब दिल्ली विधानसभा पर किया जाएगा। धमकी में 'नक्सली-ISI-DMK जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है। इस खबर के सामने आते ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तुरंत विधानसभा परिसर में पहुंच गए और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है।
साइबर सेल ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और ईमेल भेजने वाले के सोर्स को ट्रेस करने में जुट गई है। अधिकारियों ने कहा कि वे हर संभावित खतरे की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के स्कूलों, अस्पतालों और हवाई अड्डों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो बाद में फर्जी साबित हुए थे।
shubham