..तो जम जाएगा पानी! दिल्ली-NCR और हरियाणा में शीतलहर, -1 डिग्री तक गिरेगा पारा

दिल्ली-NCR और हरियाणा में शीतलहर का असर तेज। तापमान -1 डिग्री तक गिरने की आशंका। महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा, 7 जिलों में पाला और कोहरे का अलर्ट।

..तो जम जाएगा पानी! दिल्ली-NCR और हरियाणा में शीतलहर, -1 डिग्री तक गिरेगा पारा

➤ दिल्ली-NCR और हरियाणा में कड़ाके की ठंड, पारा -1 डिग्री तक गिरने की आशंका
➤ हरियाणा में महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा, 7 जिलों में पाला जमने का अलर्ट
➤ पश्चिमी विक्षोभ से अगले तीन दिन मौसम में उतार-चढ़ाव



पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग और सैटेलाइट आंकड़ों के अनुसार ड्राई कोल्ड एयरमास ने दिल्ली-NCR और हरियाणा पर कब्जा जमा लिया है। हिमालय से आने वाली उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है।

दिल्ली-NCR के कई इलाकों में तापमान -1 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। खासकर दिल्ली के ग्रामीण इलाकों और गुरुग्राम में 25 जनवरी की सुबह ग्राउंड फ्रॉस्ट यानी पाला जमने की पूरी संभावना है। सुबह के समय घास, खेतों और वाहनों के शीशों पर बर्फ की पतली परत दिख सकती है।

हरियाणा में भी शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आईएमडी के मुताबिक महेंद्रगढ़ (AWS) प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया। नारनौल में पारा 2.6 डिग्री रहा।

गुरुग्राम, मेवात और फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। गुरुग्राम में 4.6 डिग्री, मेवात में 4.7 डिग्री और फरीदाबाद में 4.2 डिग्री की गिरावट देखी गई। भिवानी जिले के लोहारू क्षेत्र में सुबह के समय पाला जमा मिला, हालांकि दिन में मौसम साफ रहा।

भिवानी में राजस्थान से लगते लोहारू में मौसम साफ है। सुबह थोड़ा पाला जमा मिला। शीतलहर ने ठंड बढ़ा दी है।

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 25 जनवरी को हरियाणा के 7 जिलों सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखीदादरी में पाला जम सकता है। इसके अलावा प्रदेश के 6 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

शीतलहर के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। 24 जनवरी को हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री कम रहा। दिल्ली-NCR में भी धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं से ठिठुरन बनी रही।

आईएमडी के अनुसार एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। इसका असर 26 से 28 जनवरी के बीच देखने को मिलेगा। 27 जनवरी को पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के साथ-साथ दिल्ली-NCR और हरियाणा में भी मौसम बदल सकता है।