दिल्ली-NCR में ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल शुरू, गुरुग्राम में असर
दिल्ली-NCR में ट्रांसपोर्टरों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू हो गई है। ग्रीन टैक्स और नए प्रतिबंधों के विरोध में गुरुग्राम समेत कई इलाकों में माल ढुलाई प्रभावित हुई।
दिल्ली-NCR में ट्रांसपोर्टरों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू
ग्रीन टैक्स और नए प्रतिबंधों के विरोध में उतरे ट्रांसपोर्टर
गुरुग्राम में करोड़ों का कारोबार प्रभावित होने की आशंका
गुरुग्राम समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से ट्रांसपोर्टरों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू हो गई है। यह हड़ताल ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के आह्वान पर की जा रही है। हड़ताल का असर पहले ही दिन गुरुग्राम में साफ दिखाई देने लगा, जहां दिल्ली जाने वाले ट्रकों और कॉमर्शियल वाहनों की संख्या में भारी कमी दर्ज की गई।
ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने घोषणा की है कि 21 मई सुबह से 23 मई रात तक माल ढुलाई से जुड़ी कोई भी छोटी या बड़ी गाड़ी दिल्ली की सीमा में प्रवेश नहीं करेगी। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि दिल्ली सरकार लगातार कमर्शियल वाहनों पर नए प्रतिबंध लागू कर रही है और ग्रीन टैक्स के नाम पर भारी शुल्क वसूला जा रहा है।
AIMTC पदाधिकारियों का कहना है कि इन नीतियों के कारण ट्रांसपोर्ट कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत और मांगें रखने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, जिसके बाद ट्रांसपोर्टरों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
गुरुग्राम, जो ऑटोमोबाइल और मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों का बड़ा केंद्र माना जाता है, वहां इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। यहां की कई कंपनियां माल सप्लाई के लिए पूरी तरह ट्रकों और कॉमर्शियल वाहनों पर निर्भर हैं। व्यापारिक विशेषज्ञों के मुताबिक, केवल गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में ही हर दिन करोड़ों रुपए का कारोबार प्रभावित हो सकता है।
विशेषज्ञों ने यह भी आशंका जताई है कि यदि हड़ताल लंबी चली तो दिल्ली-एनसीआर में फल, सब्जियां, दूध और दवाओं जैसी आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इससे आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
हड़ताल के बीच कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। सरहौल बॉर्डर, कापसहेड़ा बॉर्डर और घिटोरनी बॉर्डर जैसे प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं ट्रांसपोर्टरों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी गाड़ियां खड़ी कर विरोध प्रदर्शन किया। AIMTC ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने ग्रीन टैक्स और अन्य प्रतिबंधों को वापस नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदला जा सकता है।
pooja