दिल्ली में लाल किले के पास बड़ा धमाका, 8 की मौत, कई घायल

दिल्ली में लाल किले के पास कार में धमाका, 8 लोगों की मौत की पुष्टि। कई गाड़ियां जलीं, फोरेंसिक टीम मौके पर, दिल्ली में हाई अलर्ट जारी।

दिल्ली में लाल किले के पास बड़ा धमाका, 8 की मौत, कई घायल

  • दिल्ली में लाल किले के पास बड़ा धमाका, अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि

  • कई गाड़ियों में लगी आग, मौके पर पहुंची फोरेंसिक और बम निरोधक टीम

  • दिल्ली में हाई अलर्ट, घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया


दिल्ली में सोमवार  शाम बड़ा धमाका हुआ है। यह धमाका लाल किले के पास पार्किंग एरिया में हुआ, जिसमें अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद आसपास की कई गाड़ियों में आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आस-पास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।

धमाके वाली जगह को सील कर दिया गया है और आसपास के पूरे इलाके को खाली कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम पहुंच चुकी है और विस्फोट की प्रकृति का पता लगाने का काम जारी है।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल और NSG की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि धमाका एक कार में हुआ, जो पार्किंग में खड़ी थी। यह कार किसकी थी और उसमें विस्फोटक कैसे पहुंचा, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि,

“यह एक गंभीर घटना है। सभी एजेंसियां जांच में जुटी हैं। धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।”

घायलों को नजदीकी एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी वार्ड में विशेष मेडिकल टीमों को तैनात किया है।

दिल्ली पुलिस, फोरेंसिक विभाग, NIA और IB मिलकर धमाके की जांच कर रहे हैं। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि कार किसने पार्क की थी और धमाके से पहले कौन लोग वहां आए।

दिल्ली के सभी संवेदनशील इलाकों – इंडिया गेट, संसद मार्ग, और राजपथ पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।