छात्रों को पूरा समर्थन, अब चुप नहीं बैठेंगे; 'बेटी को क्या जवाब दूंगा' -दिग्विजय चौटाला

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के समर्थन में अब हरियाणा में भी सियासी हलचल तेज हो गई है। जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने सिरसा में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करते हुए कहा कि छात्रों और महिलाओं के साथ अन्याय पर अब चुप नहीं बैठा जा सकता।

छात्रों को पूरा समर्थन,  अब चुप नहीं बैठेंगे; 'बेटी को क्या जवाब दूंगा' -दिग्विजय चौटाला

सिरसा के ताऊ देवीलाल पार्क में दिग्विजय चौटाला का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
छात्र आंदोलन के समर्थन में बोले- अब अन्याय पर चुप नहीं बैठेंगे
बेटी का जिक्र कर सरकार पर साधा निशाना, लोगों से आंदोलन में जुड़ने की अपील


सिरसा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में जननायक जनता पार्टी (JJP) के वरिष्ठ नेता दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा के सिरसा में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। लाल बत्ती चौक स्थित ताऊ देवीलाल पार्क को प्रतीकात्मक रूप से 'सिरसा का जंतर-मंतर' बनाया गया है, जहां बुधवार रात से धरना जारी है।

धरने के दौरान दिग्विजय चौटाला ने कहा कि वह छात्रों और महिलाओं के साथ कथित अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अब यह सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई है।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उनके घर में भी तीन साल की बेटी है और भविष्य में वह उसे यह जवाब नहीं दे सकते कि जब महिलाओं और छात्रों के साथ अन्याय हो रहा था तब वह चुप बैठे रहे। उन्होंने कहा कि "मैं गुलाम नहीं हूं, अन्याय के सामने चुप नहीं बैठ सकता।"

उन्होंने सिरसा के नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और महिलाओं से धरने में शामिल होकर इस आंदोलन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह किसी एक पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की आवाज है।

राम राज्य के मुद्दे पर भी साधा निशाना

बीजेपी के 'राम राज्य' वाले दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अगर किसी महिला के साथ दुर्व्यवहार होता है तो यह राम राज्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भगवान राम की सोच न्याय और सम्मान की थी तथा अन्याय किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

अर्जुन चौटाला के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया

इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला के हालिया बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में दिग्विजय चौटाला ने सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर जाकर जो उन्होंने देखा, उसके बाद उन्हें लगा कि युवाओं की आवाज के साथ खड़ा होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सिरसा से उठने वाली यह आवाज दिल्ली के जंतर-मंतर तक पहुंचेगी और वह धरनास्थल पर रहकर आंदोलन जारी रखेंगे।