जूस विक्रेता ह*त्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक गिरफ्तार
पंचकूला के जूस विक्रेता कपिल हत्याकांड में मुख्य आरोपी विवेक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अंबाला से ऋषिकेश फरार हुआ था, लेकिन वॉट्सएप लोकेशन से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पंचकूला जूस विक्रेता हत्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक गिरफ्तार
अंबाला से ट्रेन पकड़कर ऋषिकेश भागा, वॉट्सएप ऑन करते ही पुलिस ने दबोचा
पुरानी रंजिश और समझौता बैठक के दौरान विवाद के बाद हुई थी कपिल की हत्या
पंचकूला के एमडीसी क्षेत्र में हुए चर्चित जूस विक्रेता कपिल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विवेक को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी पहले बस से अंबाला पहुंचा और वहां से ट्रेन पकड़कर ऋषिकेश फरार हो गया था। हालांकि फरारी के दौरान की गई एक छोटी सी गलती उसे पुलिस तक ले आई।
पुलिस के अनुसार फरारी के दौरान आरोपी बीच-बीच में अपना वॉट्सएप चेक कर रहा था। जैसे ही उसने वॉट्सएप ऑन किया, पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विवेक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्या की साजिश व वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह वारदात गुरुवार रात करीब नौ बजे एमडीसी स्थित सकेतड़ी रोड पर भाजपा कार्यालय के पास बने पार्क में हुई थी। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश खत्म करने के लिए समझौता बैठक बुलाई गई थी, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
विवाद के दौरान कपिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल कपिल किसी तरह पार्क से बाहर सड़क तक पहुंचा, लेकिन वहीं गिर पड़ा। हमले में उसका साथी अभिषेक उर्फ टन्नी भी घायल हो गया।
घटना के दौरान मौके से गुजर रही डायल-112 पुलिस टीम ने दोनों घायलों को तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद कपिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अभिषेक का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की। इसी कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी विवेक को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कपिल और विवेक पहले एक ही मैकेनिक की दुकान पर काम करते थे। आरोप है कि कपिल की वजह से विवेक की नौकरी चली गई थी। इसके बाद दोनों एक ही जिम में जाने लगे, जहां बॉडी शेमिंग को लेकर विवाद हुआ और दोनों के बीच दुश्मनी लगातार बढ़ती गई।
पुलिस के मुताबिक वारदात से दो दिन पहले कपिल ने कथित तौर पर विवेक को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते विवेक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कपिल पर चाकू से हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है।
pooja