युवतियों में झगड़ा, चली सैंडलें, एक लहुलूहान- सिंगर दिलेर खरकिया और एक्ट्रेस अंजलि राघव के प्रोमोश्न इवेंट पर हंगामा
हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया और अंजलि राघव के नए गाने ‘प्रोटीन’ की प्रमोशन इवेंट में दो इन्फ्लुएंसर भिड़ गईं। मारपीट के दौरान एक घायल हुई, जातिसूचक शब्दों के आरोप लगे और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
➤ हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया और अंजलि राघव के नए सॉन्ग ‘प्रोटीन’ की प्रमोशन इवेंट में बवाल
➤ दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर में झगड़ा, सैंडल से हमला, एक घायल
➤ जातिसूचक शब्दों के आरोप और वीडियो वायरल, इवेंट की इमेज पर असर
भिवानी। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बने सिंगर दिलेर खरकिया और एक्ट्रेस अंजलि राघव के नए गाने ‘प्रोटीन’ की प्रमोशन इवेंट में रविवार को बड़ा विवाद हो गया। यह इवेंट भिवानी जिले के गांव खरक कलां स्थित दिल स्टूडियो फार्म हाउस में हुआ, जहां दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रिया खारी और ईशा राठी के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि सैंडल-जूते निकालकर मारपीट तक हो गई।
इवेंट में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 100 से अधिक इन्फ्लुएंसर पहुंचे थे। दिलेर खरकिया और अंजलि राघव ने सफेद ड्रेस में गाने पर परफॉर्मेंस दी थी, तभी यह विवाद भड़क उठा। बताया जा रहा है कि दोनों इन्फ्लुएंसर के बीच पुराना मनमुटाव था। झगड़े के दौरान प्रिया खारी का माथा फूट गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद अन्य इन्फ्लुएंसर ने किसी तरह दोनों को अलग किया। हालांकि, सिंगर और एक्ट्रेस इस झगड़े में शामिल नहीं थे।
दोनों इन्फ्लुएंसर उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं और दोनों पहले कोरियोग्राफर अभि काशीयाल के साथ वीडियो बना चुकी हैं। पहले अभि ईशा के साथ काम करते थे, बाद में प्रिया के साथ वीडियो बनाने लगे, जिससे दोनों के बीच तनावपूर्ण रिश्ते बन गए। इसी वजह से प्रमोशन इवेंट में पुरानी रंजिश खुलकर सामने आ गई।
प्रिया खारी ने मारपीट के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरी घटना का आरोप ईशा राठी पर लगाया। उसने बताया कि “शूट के दौरान भूख लगने पर खाना खाने जा रहे थे, तभी ईशा ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और भड़काऊ बातें कहीं। जब समझाने गई तो उसने चुनौती दी और सैंडल उतारकर मेरे माथे पर मारा, जिससे मैं घायल हो गई।” प्रिया ने यह भी कहा कि “मुझे जान का खतरा है और मैं चाहती हूं कि ईशा सबके सामने थाने में लिखित माफी मांगे।”
वहीं कोरियोग्राफर अभि काशीयाल ने भी वीडियो जारी कर कहा कि “ईशा राठी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और टीम के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं। हमारे पास इसका वीडियो प्रूफ मौजूद है। अगर उसने माफी नहीं मांगी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
इस मामले पर दिलेर खरकिया के भाई कहर खरकिया ने कहा कि “हमारे फार्म हाउस पर ‘प्रोटीन’ गाने की प्रमोशन में 100 से ज्यादा कंटेंट क्रिएटर आए थे। खाना पीछे चल रहा था, तभी झगड़ा हुआ। प्रिया के चेहरे पर खून था और कई लोगों ने वीडियो बना ली जो अब वायरल हो रही है। हम चाहते हैं कि लोग यह वीडियो शेयर न करें, क्योंकि इससे कलाकारों और गाने की इमेज खराब हो रही है।”
‘प्रोटीन’ सॉन्ग दो दिन पहले रिलीज हुआ है और अब तक 1.1 मिलियन व्यूज़ हासिल कर चुका है। मगर इसके प्रमोशन इवेंट में हुए हंगामे ने गाने से ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं। फिलहाल, दोनों इन्फ्लुएंसर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं और वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं।
Author1