एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर की रेकी करने वाला हरियाणा का अनिल पुलिस की गिरफ्त में , बरेली में हुई मुठभेड़, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद
दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में सोनीपत के अनिल और राजस्थान के रामनिवास को पुलिस ने गिरफ्तार किया। संगठित गिरोह बॉलीवुड हस्तियों को टारगेट कर रहा था।
➤ दिशा पाटनी के घर फायरिंग केस में अनिल गिरफ्तार
➤ राजस्थान का रामनिवास भी मुठभेड़ में हुआ गिरफ्तार
➤ संगठित गिरोह बॉलीवुड हस्तियों को बना रहा था निशाना
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग की वारदात को अंजाम देने से पहले रेकी करने के आरोप में सोनीपत के अनिल को गिरफ्तार किया गया है। अनिल सोनीपत के राजपुर गांव का रहने वाला है और पेशे से कार मैकेनिक है। उसने केवल 8वीं तक पढ़ाई की और उसके बाद गाड़ियों की मरम्मत सीखना शुरू किया। वह शादीशुदा है और परिवार में मां, पत्नी और तीन बच्चे हैं। करीब 5 साल पहले हुई दुर्घटना में उसकी दोनों हंसली टूट गई थीं, जिससे अब वह बाइक नहीं चला सकता। परिवार का गुजारा गाड़ियों की मरम्मत और कभी-कभी टैक्सी बुकिंग से होता है। बता दें कि मामले में अब तक दो शूटर मारे जा चुके हैं, पांच के करीब अन्य गिरफ्तार हैं।
बता दें के शुक्रवार शाम बरेली के शाही थाना क्षेत्र के दुनका-बिहारीपुर रोड स्थित किच्छा नदी पुल के पास एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम की मुठभेड़ हुई। इस दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश रामनिवास घायल हुआ, वहीं अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया। अनिल के पास से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और चार खोखे बरामद किए गए। साथ ही घटनास्थल से स्प्लेंडर प्लस बाइक भी मिली, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जांच में सामने आया कि इसी बाइक का इस्तेमाल दिशा पाटनी के घर की रेकी में हुआ था।
पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों से जुड़े हैं। रामनिवास राजस्थान के ब्यावर जनपद का रहने वाला है, जबकि अनिल हरियाणा सोनीपत का निवासी है। पुलिस का कहना है कि यह अपराधी संगठित गिरोह बनाकर बॉलीवुड हस्तियों को निशाना बना रहे थे।
इससे पहले गाजियाबाद में यूपी एसटीएफ ने इस केस से जुड़े शूटर रविंद्र और अरुण को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। दिल्ली पुलिस ने नकुल और विजय को गिरफ्तार किया। अब रामनिवास और अनिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पूरा नेटवर्क उजागर होने की उम्मीद है।
Akhil Mahajan