दुष्यंत-CIA मामला: जिस पुलिस अधिकारी ने दी थी क्लीन चिट… अब उसी का हो गया तबादला, हिसार से हटाकर सोनीपत भेजा
दुष्यंत चौटाला और CIA विवाद मामले की जांच करने वाले DSP कमलजीत सिंह का तबादला कर उन्हें सोनीपत ACP लगाया गया है। हाईकोर्ट पहले ही हिसार पुलिस की जांच पर सवाल उठा चुका है।
➤ दुष्यंत-CIA विवाद की जांच कर चुके थे DSP कमलजीत
➤ आरोपी पुलिसकर्मियों को दी थी क्लीन चिट
➤ हाईकोर्ट ने हिसार पुलिस की एकतरफा जांच पर उठाए सवाल
हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और CIA स्टाफ के बीच हुए विवाद मामले की जांच करने वाले DSP कमलजीत सिंह का तबादला कर दिया गया है। सरकार ने उन्हें अब सोनीपत में ACP के पद पर तैनात किया है। यह वही अधिकारी हैं जिन्होंने हिसार में हुए पूरे विवाद की जांच की थी और आरोपी पुलिसकर्मियों को क्लीन चिट दी थी।
DSP कमलजीत के तबादले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि इस मामले को लेकर दुष्यंत चौटाला लगातार जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते रहे थे।
दरअसल, हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (GJU) से जुड़े मामले में जजपा नेताओं के घरों पर रेड करने वाली टीम में DSP कमलजीत भी शामिल बताए गए थे। दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया था कि सीसीटीवी फुटेज में DSP कमलजीत सादी वर्दी में दिखाई दिए थे, इसलिए उन्हें इस पूरे विवाद की जांच नहीं सौंपी जानी चाहिए थी।
दुष्यंत चौटाला ने हिसार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा था कि इस मामले के पीछे गहरी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस अधिकारी पर खुद सवाल उठ रहे हैं, उसी को जांच सौंप दी गई। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने कई बार एसपी को कॉल किया, लेकिन एफआईआर की कॉपी तक उपलब्ध नहीं कराई गई।
पूर्व डिप्टी सीएम ने यह भी सवाल उठाया था कि हरियाणा यूनिफॉर्म कोड के अनुसार CIA को सादी वर्दी में कार्रवाई करने की अनुमति नहीं है, फिर आधी रात को सिविल ड्रेस में रेड क्यों की गई।
वहीं DSP कमलजीत ने अपनी जांच में CIA स्टाफ को क्लीन चिट दे दी थी। इसके बाद से ही वे दुष्यंत चौटाला के निशाने पर आ गए थे।
जानकारी के अनुसार, DSP कमलजीत दिसंबर 2025 में हिसार आए थे और करीब डेढ़ साल तक यहां सेवाएं देने के बाद अब उनका तबादला कर दिया गया है।
15 HPS अधिकारियों के तबादले
हरियाणा गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा जारी आदेशों में कुल 15 HPS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं।
- रमेश कुमार को DSP बिलासपुर, यमुनानगर लगाया गया
- संदीप कुमार को ACP सोनीपत नियुक्त किया गया
- सुरेश कुमार को ACP गुरुग्राम की जिम्मेदारी मिली
- जितेश मल्होत्रा को DSP दूसरी IRB, भोंडसी लगाया गया
- अरुण देव को ACP बड़खल, फरीदाबाद नियुक्त किया गया
- सोनू नरवाल को DSP करनाल लगाया गया
- अमरजीत सिंह को DSP टेलीकॉम नियुक्त किया गया
- आर्यन चौधरी को DSP टेलीकॉम में अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई
- कपिल को ACP गुरुग्राम लगाया गया
- कमलजीत सिंह को ACP सोनीपत तैनात किया गया
- नरेंदर सिंह का तबादला आदेश जारी किया गया
- अमन यादव का तबादला आदेश जारी किया गया
- सुरेश कुमार (पानीपत HPS) का तबादला किया गया
- अभिलाष जोशी का तबादला आदेश जारी हुआ
- शाकिर हुसैन का तबादला आदेश जारी किया गया
हाईकोर्ट ने लगाई थी फटकार
इस पूरे मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई थी। 7 मई को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने हिसार पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
जजपा के वकील जसपाल सिंह पन्नू के अनुसार, हाईकोर्ट ने पूछा था कि शिकायतकर्ता दुष्यंत चौटाला को जांच में शामिल क्यों नहीं किया गया। कोर्ट ने हिसार पुलिस को दोबारा शपथपत्र दाखिल करने के निर्देश दिए थे।
इसके अलावा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार, केंद्र सरकार और CBI को नोटिस जारी कर पूरे मामले में जवाब मांगा था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 22 मई को होगी।
Akhil Mahajan