वन अफसरों से भिड़े, वर्दी तक फाड़ डाली... फिर पिता-पुत्र पर हो गया केस

फरीदाबाद के अरावली वन क्षेत्र में अवैध निर्माण रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर कथित हमला हुआ। मारपीट, वर्दी फाड़ने और धमकी देने के आरोप में पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

वन अफसरों से भिड़े, वर्दी तक फाड़ डाली... फिर पिता-पुत्र पर हो गया केस

अरावली में अवैध निर्माण रुकवाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला

वन दरोगा से मारपीट, सरकारी वर्दी फाड़ी और जान से मारने की धमकी

पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज, दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित अरावली के संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध निर्माण रुकवाने पहुंची वन विभाग की टीम पर कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान वन अधिकारियों के साथ मारपीट की गई, सरकारी वर्दी फाड़ दी गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वन दरोगा राजेश और सुरेंद्रपाल बुधवार को नियमित गश्त के दौरान अनंगपुर गांव के डोमका मोहल्ला पहुंचे थे। यहां अधिसूचित वन क्षेत्र में टिन शेड का निर्माण किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार का गैर-वानिकी निर्माण प्रतिबंधित है। इसके बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया गया।

इसी दौरान निर्माण स्थल पर मौजूद युवक का पिता गजराज मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने अधिकारियों के साथ बहस शुरू कर दी और अपने प्रभाव का हवाला देते हुए निर्माण जारी रखने की बात कही। जब वन विभाग की टीम ने मौके की फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करनी शुरू की तो विवाद बढ़ गया।

वन विभाग का आरोप है कि पिता-पुत्र ने सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए वन अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान वन दरोगा राजेश की सरकारी वर्दी भी फाड़ दी गई। अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल वन दरोगा को बीके अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया गया, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

सूरजकुंड थाना पुलिस ने वन विभाग की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।