शादी में थार की छत पर नोट उड़ाना पड़ा भारी, दूल्हे समेत 8 लोग पुलिस की गिरफ्त में
नूंह में शादी के दौरान थार की छत पर बैठकर नोट बरसाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दूल्हे समेत आठ लोगों को डिटेन कर दो वाहन जब्त कर लिए।
➤ थार की छत पर बैठकर नोट उड़ाने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
➤ दूल्हे, उसके पिता समेत आठ लोगों को डिटेन, थार सहित दो वाहन जब्त
➤ नूंह पुलिस की चेतावनी, शादी में स्टंट और नोट बरसाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
हरियाणा के नूंह जिले में शादी समारोह के दौरान थार गाड़ी की छत पर बैठकर नोट बरसाना दूल्हे और उसके परिजनों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नूंह पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दूल्हे, उसके पिता समेत आठ लोगों को डिटेन कर लिया। इसके साथ ही थार सहित दो वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
मामला फिरोजपुर झिरका के सदर थाना क्षेत्र के दोरखी गांव का है। पुलिस के अनुसार, 29 जून को शादी समारोह के दौरान कुछ युवक थार की छत पर बैठकर नोट बरसा रहे थे, जबकि अन्य लोग मकानों की छतों से भी नोट उड़ा रहे थे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जो 30 जून को पुलिस के संज्ञान में आया।
वीडियो सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए दूल्हा रिजवान, उसके पिता उमर मोहम्मद, जुलकर नैन, तारीफ, हनीफ, फैज, फारुख और ईशाक सहित कुल आठ लोगों को डिटेन कर लिया। पूछताछ के दौरान सभी ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसी गतिविधियां दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया।
सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि शादी-विवाह के दौरान लग्जरी गाड़ियों की छत पर चढ़कर स्टंट करना, नोट बरसाना या यातायात नियमों का उल्लंघन करना कानूनन गलत है। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है।
उन्होंने कहा कि नूंह पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है। शादी समारोहों से जुड़े ऐसे वीडियो सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन मालिकों और युवाओं से अपील की है कि शादी जैसे आयोजनों को कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाएं।
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
आज कोई लाइव अपडेट्स उपलब्ध नहीं हैं।