हरियाणा में बड़ा हादसा: स्कूल की छत पर गिरी निर्माणाधीन मकान की दीवार, मलबे में दबे 10 बच्चे, 4 गंभीर

फरीदाबाद के खेड़ी पुल इलाके में स्कूल की छत पर निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। हादसे में 10 बच्चे मलबे में दब गए, जबकि 4 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हरियाणा में बड़ा हादसा:  स्कूल की छत पर गिरी निर्माणाधीन मकान की दीवार,  मलबे में दबे 10 बच्चे, 4  गंभीर

फरीदाबाद में स्कूल की छत पर गिरी निर्माणाधीन मकान की दीवार

मलबे में दबे 10 बच्चों को स्टाफ ने बाहर निकाला, 4 की हालत गंभीर

तेज आंधी के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने जांच शुरू की


हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। खेड़ी पुल इलाके में स्थित एक निजी स्कूल की छत पर पास की निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई। दीवार गिरते ही स्कूल की छत टूटकर नीचे आ गिरी और उसके नीचे कई बच्चे दब गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बच्चों को गोद में लेकर जांच कराते हुए अभिभावक।

जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे हुआ। उस समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी और बच्चे अपनी कक्षाओं में मौजूद थे। अचानक तेज आंधी के दौरान स्कूल के साथ बन रही बहुमंजिला इमारत की दीवार का बड़ा हिस्सा स्कूल की छत पर गिर पड़ा।

फरीदाबाद के अस्पताल में घायल बच्चे। - Dainik Bhaskar

दीवार गिरने से छत टूटकर सीधे बच्चों के ऊपर आ गिरी। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 10 बच्चे मलबे के नीचे दब गए थे। हादसा होते ही स्कूल स्टाफ और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

हादसे की सूचना मिलने पर बीके अस्पताल में पहुंची पुलिस।

स्कूल स्टाफ ने बच्चों को मलबे से बाहर निकालना शुरू किया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 4 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।

घायल बच्चों की पहचान दीप्ती, दिव्या, मीरा और नंदू के रूप में हुई है। सभी बच्चे यूकेजी क्लास में पढ़ते हैं और उनकी उम्र करीब 6 से 7 साल बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

यह हादसा खेड़ी पुल थाना क्षेत्र के भारत कॉलोनी स्थित 35 फुट रोड पर बने हंस मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी खुर्शीद ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही की जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। घायल बच्चों को गोद में लेकर माता-पिता इलाज के लिए अस्पताल में भागते नजर आए। बच्चों की हालत देखकर परिजन बेहद घबराए हुए थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के बिल्कुल साथ निर्माण कार्य चल रहा था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। तेज आंधी के दौरान कमजोर दीवार गिरने से यह बड़ा हादसा हुआ।

इस घटना ने एक बार फिर निर्माणाधीन इमारतों के सुरक्षा मानकों और स्कूलों के आसपास हो रहे निर्माण कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।