फरीदाबाद में कार के अंदर मिले दो सगे भाइयों के शव, इलाके में सनसनी पल्ला क्षेत्र में खड़ी कार बनी रहस्य, अंदर मिले रिटायर्ड फौजी और भाई के शव

फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार के अंदर दो सगे भाइयों के शव मिले। मृतक बिहार के छपरा के रहने वाले थे, जिनमें बड़ा भाई फौज से रिटायर्ड था। पुलिस को दम घुटने से मौत की आशंका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

फरीदाबाद में कार के अंदर मिले दो सगे भाइयों के शव, इलाके में सनसनी  पल्ला क्षेत्र में खड़ी कार बनी रहस्य, अंदर मिले रिटायर्ड फौजी और भाई के शव

फरीदाबाद में कार के अंदर मिले सगे भाइयों के शव
दम घुटने से मौत की आशंका, बड़ा भाई फौज से रिटायर्ड
बिहार के रहने वाले दोनों भाई, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक कार के अंदर दो सगे भाइयों के शव बरामद हुए। घटना नवीन नगर चौकी इलाके में अगवानपुर रोड की बताई जा रही है, जहां सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर दोनों मृत पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खोलकर दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे काफी देर से खड़ी कार को देखकर शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की तो अंदर दो व्यक्तियों के शव पड़े मिले, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतकों की पहचान कुंदन कुमार (44) और रंजन कुमार (38) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के रहने वाले थे और पिछले काफी समय से फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि कुंदन कुमार भारतीय सेना से रिटायर्ड थे, जबकि उनका छोटा भाई रंजन कुमार एक पैर से दिव्यांग था

इसकी कार में मिले थे दो लोगों के शव

प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली है कि दोनों की मौत कार के अंदर दम घुटने से हुई हो सकती है। पुलिस के अनुसार कार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से उसी जगह खड़ी हुई थी। जब शाम तक भी कार वहीं खड़ी रही तो स्थानीय लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मृतकों के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की और परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है

फिलहाल पुलिस का कहना है कि दोनों भाइयों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि कार में दम घुटने की स्थिति कैसे बनी।