प्रेम-प्रसंग में स्टेट लेवल वॉलीबॉल खिलाड़ी की मौत, परिवार ने लगाए हत्या के आरोप
फरीदाबाद में प्रेम-प्रसंग से जुड़े मामले में राजस्थान के वॉलीबॉल खिलाड़ी मोनू की मौत हो गई। परिजनों ने लड़की पक्ष पर किडनैप कर 3 दिन तक टॉर्चर करने का आरोप लगाया है।
- प्रेम-प्रसंग के चलते वॉलीबॉल खिलाड़ी की हत्या का आरोप
- परिजनों का दावा- 3 दिन तक बंधक बनाकर भूखा-प्यासा रखा और बेरहमी से पीटा
- इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने 2 आरोपियों को राउंडअप किया
हरियाणा के फरीदाबाद में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान के रहने वाले 21 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी मोनू की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने लड़की पक्ष पर अपहरण कर 3 दिन तक बंधक बनाकर टॉर्चर करने का आरोप लगाया है।
मूलरूप से राजस्थान के भिवाड़ी के सैदपुर गांव निवासी मोनू स्टेट लेवल का वॉलीबॉल खिलाड़ी था। परिवार के अनुसार उसने कई प्रतियोगिताओं में मेडल जीते थे। हाल ही में उसने 12वीं की परीक्षा करीब 70% अंकों से पास की थी।
मोनू के चाचा नरेंद्र ने बताया कि फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की से उसका प्रेम-प्रसंग था। लड़की के मामा भी सैदपुर गांव के रहने वाले हैं, जहां दोनों की मुलाकात हुई थी।
परिवार के मुताबिक अप्रैल महीने में लड़की के परिजनों ने मोनू के खिलाफ नाबालिग को भगाने का केस दर्ज कराया था। हालांकि बाद में लड़की बरामद हो गई थी और उसी मामले में पुलिस जांच चल रही थी।
परिजनों का आरोप है कि 17 मई को मोनू घर से यह कहकर निकला था कि वह तिगांव थाने में पूछताछ के लिए जा रहा है। इसी दौरान रास्ते से लड़की पक्ष के लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि 17 मई से 20 मई तक उसे बंधक बनाकर रखा गया, भूखा-प्यासा रखा गया और लगातार मारपीट की गई।
परिवार का कहना है कि बाद में अधमरी हालत में मोनू को घर के बाहर फेंक दिया गया। 20 मई को पुलिस ने सूचना दी कि मोनू घायल अवस्था में मिला है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, लेकिन दो दिन इलाज चलने के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
मोनू के पिता भीम सिंह ड्राइवर हैं। परिवार में एक भाई भी है। बेटे की मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है।
उधर पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में 2 आरोपियों को राउंडअप किया गया है। परिजनों की शिकायत पर किडनैपिंग समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार अप्रैल में दर्ज केस के बाद से मोनू फरार चल रहा था। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम और आरोपों की गहनता से जांच कर रही है।
Akhil Mahajan