हरियाणा में ‘इंस्टा क्वीन’ का हनीट्रैप गैंग बेनकाब, पुलिसकर्मी तक शामिल, SIT जांच शुरू

फतेहाबाद में इंस्टाग्राम के जरिए युवकों को हनीट्रैप में फंसाने वाले गैंग का खुलासा हुआ है। मामले में महिला समेत पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हुई है।

हरियाणा में ‘इंस्टा क्वीन’ का हनीट्रैप गैंग बेनकाब, पुलिसकर्मी तक शामिल, SIT जांच शुरू
  • फतेहाबाद में ‘इंस्टा क्वीन’ बनाकर युवकों को हनीट्रैप में फंसाने का खुलासा
  • शादी का झांसा देकर बनाए अश्लील वीडियो, लाखों रुपए की ठगी
  • मामले में हेड कांस्टेबल सस्पेंड और ड्राइवर डिसमिस, SIT गठित

हरियाणा के फतेहाबाद में सोशल मीडिया के जरिए युवकों को हनीट्रैप में फंसाने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि खुद को ‘इंस्टा क्वीन’ बताने वाली आरोपी महिला रितु इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो और रील्स डालकर कुंवारे युवकों को अपने जाल में फंसाती थी।

पुलिस के अनुसार, रितु ने इंस्टाग्राम पर एक नहीं बल्कि तीन अलग-अलग आईडी बना रखी थीं। इन अकाउंट्स पर वह लगातार वीडियो अपलोड करती थी और दूसरी महिलाओं के साथ भी रील बनाती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि वह कई बार अपने इंस्टाग्राम यूजरनेम बदल चुकी थी।

रितु इंस्टा पर कई अश्लील वीडियो डालती थी। उसकी पूरी आईडी ऐसी ही वीडियो से भरी थी।

बताया जा रहा है कि रितु पहले सोशल मीडिया पर युवकों से दोस्ती करती थी। इसके बाद वह प्यार और शादी का झूठा नाटक कर उन्हें विश्वास में लेती। फिर उन्हें कमरे पर बुलाकर अश्लील वीडियो बनाती और बाद में रेप केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपए वसूलती थी।

इस मामले में फतेहाबाद सिटी थाना पुलिस ने आरोपी रितु, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार और HKRN के तहत लगे ड्राइवर सुनील कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस विभाग ने हेड कांस्टेबल को सस्पेंड और ड्राइवर को नौकरी से डिसमिस कर दिया है। मामले की जांच के लिए एसपी निकिता खट्टर ने SIT का गठन किया है।

जांच में एक अन्य महिला का नाम भी सामने आया है, जिस पर पहले से दो केस दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इसी नेटवर्क के जरिए गांव ढाणी ठोबा निवासी अविवाहित युवक सतपाल को जाल में फंसाया गया था।

पीड़ित युवक को बताया गया कि रितु का पति गंभीर रूप से बीमार है और जल्द उसकी शादी उससे करवा दी जाएगी। इसी भरोसे में युवक ने करीब डेढ़ महीने में रितु पर साढ़े तीन लाख रुपए खर्च कर दिए।

इसके बाद युवक को कमरे पर बुलाकर उसके कपड़े उतरवाए गए और वीडियो बनाई गई। फिर पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से उसे झूठे रेप केस में फंसाने का डर दिखाकर साढ़े तीन लाख रुपए ठग लिए गए। आरोप है कि बाद में उससे ढाई लाख रुपए और मांगने की कोशिश की गई।

रितु रील बनाकर युवकों को फंसाती थी और बाद में उन्हें रेप केस का डर दिखाकर ठगती थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रितु सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी और पंजाबी गानों पर रील बनाती थी। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 31 हजार 900 फॉलोअर्स हैं। वह अब तक 300 से ज्यादा वीडियो अपलोड कर चुकी थी, जिनमें ज्यादातर अश्लील कंटेंट था।

पीड़ित ने जब इस पूरे मामले की जानकारी अपने भतीजे को दी, जो हरियाणा पुलिस में होमगार्ड है, तब मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी निकिता खट्टर ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए DSP संजय बिश्नोई की अगुवाई में SIT बनाई गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने युवकों को निशाना बनाया गया।