मंत्री के पीए के फोन पर टिप्पणी पड़ी भारी, फतेहाबाद के XEN बलविंद्र नैन सस्पेंड

फतेहाबाद के पब्लिक हेल्थ एक्सईएन बलविंद्र नैन को मंत्री कार्यालय के फोन पर टिप्पणी के बाद सस्पेंड कर पंचकूला हेडक्वार्टर अटैच किया गया है। सिरसा का अतिरिक्त चार्ज भी उनके पास था।

मंत्री के पीए के फोन पर टिप्पणी पड़ी भारी, फतेहाबाद के XEN बलविंद्र नैन सस्पेंड

मंत्री के पीए के रात के फोन पर टिप्पणी के बाद सस्पेंशन
सिरसा का अतिरिक्त चार्ज संभाल रहे थे बलविंद्र नैन
सस्पेंशन पीरियड में पंचकूला हेडक्वार्टर अटैच


हरियाणा सरकार ने फतेहाबाद जिले के पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग के एक्सईएन बलविंद्र नैन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। बुधवार को विभागीय कमिश्नर की ओर से जारी पत्र के अनुसार उन्हें सस्पेंशन अवधि के दौरान पंचकूला हेडक्वार्टर से अटैच किया गया है। यह कार्रवाई उस समय सामने आई जब सूत्रों के अनुसार कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के कार्यालय से आए एक फोन कॉल पर एक्सईएन की टिप्पणी को लेकर मामला तूल पकड़ गया।

मंत्री कार्यालय के फोन से शुरू हुआ मामला

जानकारी के अनुसार, किसी प्रशासनिक विषय को लेकर मंत्री कार्यालय की ओर से एक्सईएन बलविंद्र नैन को फोन किया गया था। बताया जा रहा है कि यह कॉल देर रात किया गया। सूत्रों का कहना है कि एक्सईएन ने रात में फोन करने को लेकर आपत्ति जताते हुए टिप्पणी कर दी। इसके बाद मामला उच्च स्तर तक पहुंचा और विभागीय स्तर पर कार्रवाई अमल में लाई गई। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर एक्सईएन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

सिरसा में भी था अतिरिक्त कार्यभार

गौरतलब है कि बलविंद्र नैन के पास फतेहाबाद के साथ-साथ सिरसा का भी अतिरिक्त चार्ज था। अगस्त 2025 में उन्हें सिरसा का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया था और वे सप्ताह में दो से तीन दिन सिरसा में ड्यूटी देते थे। मंगलवार को वे सिरसा में ही मौजूद थे, जहां मंत्री कृष्ण बेदी का भी दौरा प्रस्तावित था।

सिरसा शहर में पब्लिक हेल्थ से जुड़ी समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें उठती रही हैं। नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप सहित कई पार्षदों ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। आरोप था कि शहर में सीवरेज और पेयजल की समस्याओं पर समय पर कार्रवाई नहीं हो रही और अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर मंत्री कार्यालय की ओर से एक्सईएन से संपर्क साधा गया था।

पहले भी विवादों में आ चुके हैं एक्सईएन

करीब तीन माह पहले भी बलविंद्र नैन प्रशासनिक विवाद में घिर चुके हैं। 3 नवंबर 2025 को फतेहाबाद के डीसी डॉ. विवेक भारती चिल्ली झील के निरीक्षण पर पहुंचे थे। मौके पर पब्लिक हेल्थ और इरीगेशन विभाग के अधिकारी उपस्थित नहीं थे। करीब 10 मिनट देरी से पहुंचने पर डीसी ने एक्सईएन को कड़ी फटकार लगाई थी। डीसी ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि निरीक्षण की सूचना पहले ही दी जा चुकी थी और पूरा प्रशासन मौके पर खड़ा है।

उस दौरान एक्सईएन ने देरी से सूचना मिलने की बात कही थी, लेकिन डीसी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सख्त रुख अपनाया था। यह प्रकरण भी चर्चा में रहा था और अब ताजा सस्पेंशन ने एक बार फिर विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या संकेत दे रही है यह कार्रवाई

विभागीय हलकों में चर्चा है कि सरकार प्रशासनिक अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। खासकर जब मामला मंत्री कार्यालय से जुड़े संवाद का हो, तो किसी भी प्रकार की टिप्पणी या लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है। हालांकि आधिकारिक रूप से सस्पेंशन आदेश में विस्तृत कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है।