हरियाणा में बड़ा एक्शन : गैंगस्टर दीपक भांजा का कातिल मोस्टवांटेड शार्प शूटर राहुल उर्फ बूढ़ा मुठभेड़ में गिरफ्तार
हरियाणा करनाल एसटीएफ ने देर रात सोनीपत बड़ौता गांव के पास मुठभेड़ में गैंगस्टर दीपक भांजा मर्डर केस के आरोपी शार्प शूटर राहुल उर्फ बूढ़ा को गिरफ्तार किया उसके पैर में गोली लगी और अवैध पिस्टल बरामद हुई
- गैंगस्टर दीपक उर्फ भांजा की हत्या में शामिल शार्प शूटर राहुल उर्फ बूढ़ा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
- जवाबी कार्रवाई में बूढ़ा के पैर में लगी गोली एसटीएफ ने मौके से हथियार बरामद किया
- करनाल एसटीएफ ने देर रात सोनीपत गांव बड़ोता के पास हाईवे पर की पूरी कार्रवाई
सुशील मोर
हरियाणा में गैंगस्टर वारदातों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में देर रात सोनीपत के गोहाना स्थित गांव बड़ौता के नजदीक पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर गोलियों की गूंज सुनाई दी। यह मुठभेड़ पुलिस और गैंगस्टर के बीच हुई, जिसमें मोस्टवांटेड शार्प शूटर राहुल उर्फ बूढ़ा पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
राहुल उर्फ बूढ़ा, सोनीपत के गांव गुड़ा का रहने वाला है और कुख्यात अपराधी राकेश उर्फ पंपू गैंग का शार्प शूटर बताया जाता है। यह वही अपराधी है जिसने कुछ समय पहले सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर वीर ढाबा पर गैंगस्टर दीपक उर्फ भांजा की हत्या कर दी थी। इस हत्या के बाद से वह फरार चल रहा था और लगातार पुलिस की निगरानी में था।
एसटीएफ करनाल की टीम को बूढ़ा की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो गैंगस्टर ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और बूढ़ा के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे काबू में कर लिया गया। घायल अवस्था में उसे पहले सोनीपत सिविल अस्पताल और फिर आगे इलाज के लिए खानपुर पीजीआई रेफर किया गया।
एसटीएफ करनाल में तैनात सब इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि मौके से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद हुआ है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
इस घटना से एक बार फिर साफ है कि हरियाणा पुलिस गैंगस्टर नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है।
Akhil Mahajan