अंतरिक्ष सोसाइटी में भीषण आग, फ्लैट का सामान जलकर खाक
गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष सोसाइटी के फ्लैट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। परिवार बाहर होने से बड़ा हादसा टला, जबकि फायर सेफ्टी में बड़ी लापरवाही सामने आई।
गुरुग्राम की अंतरिक्ष सोसाइटी के फ्लैट में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगी
हादसे के समय परिवार घर पर नहीं था, बड़ा जानी नुकसान टला
फायर सेफ्टी उपकरण स्टोर रूम में बंद मिले, चाबी हेड ऑफिस में होने से बढ़ी परेशानी
गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष सोसाइटी में रविवार को एक फ्लैट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग सोसाइटी के ‘एसी टावर’ की नौवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 902 में लगी। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय फ्लैट में रहने वाला परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था। ऐसे में बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया, लेकिन फ्लैट में रखा कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सोसाइटी में धुआं फैल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान सोसाइटी की फायर सेफ्टी व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आ गई। लोगों को पता चला कि फायर सेफ्टी उपकरण और संसाधन स्टोर रूम में बंद पड़े थे।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि स्टोर रूम की चाबी मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के पास भी नहीं थी। बताया गया कि चाबी सोसाइटी के हेड ऑफिस में रखी गई थी। इस वजह से आग बुझाने के शुरुआती समय में काफी देरी हुई और आग तेजी से फैलती चली गई।
इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना के बाद सोसाइटी निवासियों में फायर सेफ्टी को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
pooja