गुरुग्राम की टूटी सड़कों पर राधिका गुप्ता ने तंज कसा, बोलीं 100 करोड़ के फ्लैट से पहले सड़क बनाओ
गुरुग्राम में टूटी सड़कों और जलभराव को लेकर राधिका गुप्ता ने 'क्रेटर कनेक्शन' तंज कसा। सरकार ने 6000 किलोमीटर सड़कों के टेंडर जारी कर मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
➤ गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को 'क्रेटर कनेक्शन' कहा गया
➤ मानसून में टूटी सड़कों और जलभराव से आवाजाही मुश्किल
➤ सरकार ने मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिए, निरीक्षण भी शुरू
गुरुग्राम में टूटी सड़कों और जलभराव को लेकर एडलवाइस म्यूचुअल फंड की एमडी और सीईओ राधिका गुप्ता ने गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड का नाम बदलकर 'क्रेटर कनेक्शन' रखने का तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि मानसून के दौरान दिल्ली और गुरुग्राम के बीच आवाजाही 'भयावह' हो जाती है।
राधिका ने शहर के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत के ज्यादातर शहरों का दौरा किया है, लेकिन मानसून में दिल्ली-गुरुग्राम का आना-जाना डरावना होता है। उन्होंने अपार्टमेंट की आसमान छूती कीमतों पर भी तंज कसते हुए कहा कि पहले सड़कें बनाओ, बाद में 100 करोड़ रुपए के फ्लैटों की तारीफ करो।
शहर में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, दौलताबाद फ्लाईओवर रोड, धनवापुर रोड, एसपीआर रोड, पटौदी रोड, रेलवे रोड से सेक्टर नौ रोड, बसई रोड, धनकोट गांव, अशोक विहार रोड समेत लगभग सभी कनेक्टेड सड़कों की हालत खराब है। मुख्य सड़क के साथ-साथ संपर्क मार्ग भी कई जगह से टूटे हुए हैं।
उद्योग मंत्री राव नरबीर ने बताया कि प्रदेश में लगभग 6000 किलोमीटर सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और सितंबर से कार्य शुरू होगा। वजीरपुर–फर्रुखनगर रोड के लिए 10 करोड़ रुपए का टेंडर भी जारी किया गया है।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने रविवार को गुरुग्राम में टूटी सड़कों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात खत्म होते ही मरम्मत कार्य तुरंत शुरू किया जाए और 15 से 20 दिनों में सभी सड़कों को मोटरेबल बनाया जाए। मास्टर रोड का कार्य जीएमडीए संभालेगा जबकि नगर निगम अपनी अधीनस्थ सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त करे।