गुरुग्राम में लावारिस बुलेरो से मिली डेडबॉडी

गुरुग्राम के रेवाड़ी रोड पर लावारिस हालत में खड़ी बुलेरो गाड़ी से एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान नरवाना निवासी संजय के रूप में हुई है।

गुरुग्राम में लावारिस बुलेरो से मिली डेडबॉडी

• गुरुग्राम में लावारिस बुलेरो गाड़ी से मिला व्यक्ति का शव

• कई दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी गाड़ी, राहगीरों ने दी सूचना

• मृतक की पहचान जींद के नरवाना निवासी संजय के रूप में हुई

हरियाणा के गुरुग्राम में रेवाड़ी रोड पर खड़ी एक लावारिस बुलेरो गाड़ी से संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, लोडिंग बुलेरो गाड़ी कई दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों को गाड़ी पर शक हुआ। जब लोगों ने गाड़ी के अंदर झांककर देखा तो सीट पर एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा मिला।

इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी का दरवाजा खोलकर जांच की। अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। मृतक की पहचान जींद जिले के नरवाना निवासी संजय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक निजी कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करता था।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि संजय गाड़ी के अंदर ही सो गया होगा और वाहन पूरी तरह बंद होने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मामले की जांच सेक्टर-10 थाना क्षेत्र की सेक्टर-93 चौकी पुलिस कर रही है।