NH-48 पर बाइक राइडर्स के दो गुटों में बीच सड़क मारपीट हुई,ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया
गुरुग्राम के NH-48 पर एंबियंस मॉल के पास बाइक राइडर्स के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया।
गुरुग्राम NH-48 पर बाइक राइडर्स के दो गुटों में बीच सड़क मारपीट हुई
एंबियंस मॉल के पास हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया
गुरुग्राम में नेशनल हाईवे-48 पर दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास स्थित एंबियंस मॉल के निकट बाइक राइडर्स के बीच बीच सड़क जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक राइडर के साथ लात-घूंसे चलाते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बाइक राइडर प्रिंस संधू अपनी एक महिला मित्र के साथ हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान एंबियंस मॉल से पहले उसकी कुछ अन्य बाइक राइडर्स के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन से चार युवकों ने प्रिंस संधू को सड़क पर घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में भी कुछ युवक उसे धक्का देते और लात-घूंसे मारते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान उसके साथ मौजूद युवती लगातार बीच-बचाव करने का प्रयास करती रही, लेकिन विवाद बढ़ता गया।
हाईवे के बीचोबीच हुई इस झड़प के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़क पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मारपीट की सूचना मिलने पर वहां तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मी ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। उसके हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और संबंधित युवक वहां से चले गए।
वायरल वीडियो पर प्रिंस संधू नामक राइडर की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट में उसने दावा किया कि वह अकेला था और उसके साथ एक लड़की भी थी, इसलिए वह विवाद को बढ़ाना नहीं चाहता था। हालांकि उसने भविष्य में हिसाब बराबर करने जैसी बात भी लिखी।
फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। बावजूद इसके, पुलिस की सोशल मीडिया टीम वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर स्थित एंबियंस मॉल के आसपास हर रविवार सुबह बड़ी संख्या में दिल्ली-एनसीआर के बाइक राइडर्स जुटते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां कई बार तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और आपसी विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस क्षेत्र को दुर्घटनाओं के लिहाज से भी संवेदनशील माना जाता है।
pooja