गुरुग्राम के पाथवे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप ई-मेल से मिली धमकी

गुरुग्राम के पाथवे वर्ल्ड स्कूल को ई-मेल से बम की धमकी मिली, जिसके बाद बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम के पाथवे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप ई-मेल से मिली धमकी

गुरुग्राम के पाथवे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी
ई-मेल मिलते ही बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया
पुलिस, बम स्क्वॉड और साइबर सेल जांच में जुटी


गुरुग्राम के बलियावास स्थित प्रतिष्ठित पाथवे वर्ल्ड स्कूल को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल को यह धमकी ई-मेल के जरिए मिली, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे स्कूल परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने स्कूल के क्लासरूम, लाइब्रेरी, कैंपस और आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है। डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस के अनुसार धमकी भरी ई-मेल किस आईडी से भेजी गई और इसका स्रोत क्या है, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में गुरुग्राम के कई स्कूलों को इसी तरह बम धमकी भरे ई-मेल और कॉल मिल चुके हैं, जो बाद में जांच में फर्जी पाए गए थे। इसके बावजूद पुलिस इस मामले को किसी भी तरह से हल्के में नहीं ले रही और हर पहलू से जांच की जा रही है।

स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। जांच पूरी होने और सुरक्षा एजेंसियों से क्लियरेंस मिलने के बाद ही स्कूल को दोबारा खोला जाएगा। इस घटना के बाद एक बार फिर स्कूलों की सुरक्षा और बम धमकी के मामलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।