कबाड के गोदाम में लगी आग:लपटें रिहायशी इलाके तक पहुंची; पुलिस ने मकान खाली कराए

गुरुग्राम के मैदावास इलाके में कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग फैलने के खतरे को देखते हुए आसपास के मकान खाली कराए गए।

कबाड के गोदाम में लगी आग:लपटें रिहायशी इलाके तक पहुंची; पुलिस ने मकान खाली कराए

➤ गुरुग्राम के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

➤ प्लास्टिक और गत्ते के कारण मिनटों में भड़की आग

➤ आग फैलने के डर से आसपास के मकान खाली कराए गए


हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मैदावास इलाके में स्थित एक खुले कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।

गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, गत्ता और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के रिहायशी इलाकों में दहशत फैल गई।

गुरुग्राम में लगी आग। - Dainik Bhaskar

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दर्जन भर से ज्यादा फायर ब्रिगेड गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के घरों और इलाकों को खाली करवा दिया ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं।

आग पर काबू पाने की कोशिश करते लोग।

फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कबाड़ के गोदाम में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और प्रशासन यह जांच कर रहे हैं कि आग किसी लापरवाही के कारण लगी या अवैध रूप से जमा किए गए कचरे में अचानक भड़क गई।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग को पूरी तरह बुझाने में अभी समय लग सकता है क्योंकि गोदाम में ज्वलनशील सामान की मात्रा काफी ज्यादा है।