प्रेमिका के कमरे पर पत्नी की हत्या, पति फरार
गुरुग्राम के मानेसर में पति ने प्रेमिका के कमरे पर पत्नी की हत्या कर दी। बाथरूम में बंद सड़ा-गला शव मिलने के बाद आरोपी पति और उसकी प्रेमिका फरार हैं।
गुरुग्राम में पति ने प्रेमिका के कमरे पर पत्नी की हत्या की
बाथरूम में बंद मिला सड़ा-गला शव, आरोपी जोड़ा फरार
शादी के महज 3 महीने बाद सामने आया खौफनाक सच
हरियाणा के गुरुग्राम जिले के मानेसर में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और शव को बाथरूम में बंद कर फरार हो गया। इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मृतका मधु घर से भागकर नहीं गई थी, बल्कि उसका पति अंकित भगत ही उसे स्कूटी पर बैठाकर अपने लिव-इन पार्टनर के कमरे पर ले गया था। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के बजाय आरोपी ने उसे कमरे के बाथरूम में बंद कर दिया और प्रेमिका के साथ फरार हो गया।
रविवार को जब पुलिस बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची, तो वहां से मधु का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। कमरे में असहनीय बदबू फैली हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता अशोक ने आरोप लगाया कि 21 मई को अंकित और उसके परिजन उनके घर आए थे और झूठी कहानी सुनाई थी कि मधु घर से गहने लेकर फरार हो गई है। जब परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, तो 22 मई को अंकित अचानक गायब हो गया। अब शव मिलने के बाद हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है।
परिजनों के मुताबिक मधु की शादी इसी साल 19 फरवरी को मानेसर निवासी अंकित भगत से हुई थी। अंकित खेतीबाड़ी का काम करता था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन 21 मई को मधु अचानक लापता हो गई।
ससुराल वालों ने मृतका के परिवार को बताया था कि मधु सोने-चांदी के गहने लेकर किसी के साथ भाग गई है। हालांकि मायके वालों को इस कहानी पर शक हुआ और उन्होंने खुद तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान पड़ोसियों ने बताया कि 21 मई को उन्होंने मधु को उसके पति अंकित के साथ स्कूटी पर जाते देखा था। इसके बाद पुलिस और परिवार का शक गहरा गया।
जांच में पता चला कि अंकित ने दो साल पहले मानेसर बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया था, जहां उसकी प्रेमिका उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। पुलिस जब रविवार को उस कमरे पर पहुंची, तो कमरा बाहर से बंद मिला।
दरवाजा तोड़ने के बाद पुलिस अंदर पहुंची तो पूरे कमरे में तेज बदबू फैली हुई थी। बाथरूम में मधु का शव बुरी तरह सड़ी हालत में पड़ा मिला। सूत्रों के मुताबिक 22 मई की रात को आसपास के लोगों ने अंकित और उसकी प्रेमिका को हड़बड़ी में कमरे से निकलते देखा था।
मायके वालों ने पति अंकित और उसकी प्रेमिका पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मानेसर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण और समय का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
pooja