जलती बस में यात्रियों को बचाते हुए शहीद हुए CID के ASI सुनील

हांसी बस हादसे में CID के ASI सुनील यात्रियों को बचाते हुए जिंदा जल गए। DNA रिपोर्ट से पहचान हुई, जबकि बस में धमाके की जांच जारी है।

जलती बस में यात्रियों को बचाते हुए शहीद हुए CID के ASI सुनील

जलती बस में यात्रियों को बचाते हुए जिंदा जले CID के ASI सुनील
■ DNA रिपोर्ट से हुई दोनों मृतकों की पहचान, पुलिस ने शहीद की तरह निकाली अंतिम यात्रा
■ बस में धमाके की आवाज से बढ़ा सस्पेंस, हादसे के कारणों की जांच जारी

हरियाणा के हांसी-भिवानी मार्ग पर हुए दर्दनाक बस हादसे में अब एक बहादुर पुलिसकर्मी की कहानी सामने आई है। CID शाखा में तैनात ASI सुनील ने जलती बस में फंसी सवारियों को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद भी वह लगातार यात्रियों को बाहर निकालते रहे। इस दौरान करीब 11 लोगों की जान बच गई, लेकिन खुद सुनील आग की चपेट में आ गए और जिंदा जल गए।

मंगलवार रात हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी। आग इतनी भीषण थी कि दोनों शव पूरी तरह जल गए और पहचान संभव नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शवों के DNA सैंपल लेकर जांच के लिए मधुबन लैब भेजे। बुधवार शाम आई रिपोर्ट में मृतकों की पहचान ASI सुनील और बलजीत (45) के रूप में हुई। बलजीत हिसार स्थित जिंदल फैक्ट्री में कार्यरत थे।

भिवानी के SP सुमित कुमार ने बताया कि बस में मौजूद यात्रियों और घायलों से पूछताछ में सामने आया कि ASI सुनील आखिरी समय तक लोगों को बचाने में जुटे रहे। उन्होंने महिलाओं और अन्य यात्रियों को बाहर निकालने की पूरी कोशिश की। पुलिस विभाग ने उनकी बहादुरी को सलाम करते हुए पार्थिव शरीर को अस्पताल से गांव बड़सी तक शहीद की तरह सम्मानपूर्वक पहुंचाया।

एसपी ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस को दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी, जिनमें एक पुलिस विभाग से जुड़ा था। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद दोनों शव परिवारों को सौंप दिए गए। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा पुलिस विभाग ASI सुनील के परिवार के साथ खड़ा है।

हादसे को लेकर अब कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बस में आग लगने के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनने की बात कही है। एसपी सुमित कुमार ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। मामले की जांच फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे बढ़ेगी।

हादसे में घायल एक यात्री ने बताया कि बस बवानीखेड़ा से हांसी की तरफ जा रही थी। मिल्कपुर के पास अचानक चलती बस में आग लग गई। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और सभी बाहर निकलने के लिए दरवाजे की तरफ दौड़े। उसने बताया कि ASI सुनील पीछे की तरफ बैठे यात्रियों को निकाल रहे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ। इसके बाद हालात और भयावह हो गए।

घायल यात्री ने बताया कि हादसे में उसके सिर, कमर और बाजू में गंभीर चोटें आई हैं। धमाके के कारण आंख और कान पर भी असर पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

फिलहाल पुलिस, फॉरेंसिक टीम और जांच अधिकारी बस में आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। अधिकारी तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने हादसे की निष्पक्ष और गहन जांच का भरोसा दिया है।