सफाई को लेकर बड़ा बवाल, सड़क पर फेंका गया कूड़ा

हांसी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच SDM और विधायक द्वारा शुरू किए गए सफाई अभियान का कर्मचारियों ने विरोध किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया।

सफाई को लेकर बड़ा बवाल, सड़क पर फेंका गया कूड़ा

हांसी में सफाई को लेकर प्रशासन और कर्मचारियों में टकराव

SDM और MLA खुद उतरे सफाई करने, कर्मचारियों ने सड़क पर फेंका कूड़ा

पुलिस ने महिला कर्मचारियों समेत प्रदर्शनकारियों को हटाया

हरियाणा के हांसी शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर बुधवार को बड़ा बवाल हो गया। पिछले 13 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा शुरू किए गए सफाई अभियान का कर्मचारियों ने जोरदार विरोध किया।

शहर के रेस्ट हाउस के सामने SDM राजेश खोथ, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और स्थानीय विधायक विनोद भयाना खुद सड़क पर फैले कचरे को उठाकर ट्रॉली में डाल रहे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में हड़ताली सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं।

विरोध कर रहे कर्मचारियों ने ट्रॉली में भरे कूड़े को दोबारा सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासनिक अधिकारी और समाजसेवी पीछे हट गए।

मौके पर मौजूद पुलिस ने पहले कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे। इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस में बैठाकर मौके से हटाया। इनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं।

इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के कैशियर सुरेंद्र यादव को भी पुलिस ने बस में बैठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सफाई कर्मचारियों से काम तो करवाना चाहती है, लेकिन उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है।

सुरेंद्र यादव ने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल को 13 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से समाधान निकालने के लिए ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, मृत कर्मचारियों के परिवारों को मुआवजा और नौकरी देने समेत कई मांगों को दोहराया।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में सर्व कर्मचारी संघ पूरे हरियाणा में बड़ा आंदोलन और बंद का आह्वान कर सकता है।

वहीं विधायक विनोद भयाना ने कहा कि उनका सफाई कर्मचारियों से कोई विरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि शहर में कई दिनों से कूड़े के ढेर लगे हुए थे, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी। इसी वजह से सफाई अभियान चलाने का प्रयास किया गया।

हांसी में जारी इस विवाद ने प्रदेश में चल रहे सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को और गर्मा दिया है। शहर में सफाई व्यवस्था अब भी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है और लोग बदहाल हालात से परेशान हैं।