हांसी में विवाहिता का संदिग्ध सुसाइड, मायके ने लगाए गंभीर आरोप
हांसी के गांव जमावड़ी में 25 वर्षीय विवाहिता प्रीति का शव कमरे में मिला। मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए, पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
■ हांसी में विवाहिता का संदिग्ध सुसाइड, कमरे में मिला शव
■ मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और मारपीट के लगाए आरोप
■ पति समेत 6 के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के हांसी क्षेत्र के गांव जमावड़ी में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हुई है, जो एक साल के बच्चे की मां थी। उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका के पिता ओमप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 29 नवंबर 2023 को गांव जमावड़ी निवासी सोनू के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा प्रीति को दहेज के लिए परेशान किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
परिजनों के अनुसार, मार्च महीने में ससुराल पक्ष ने 5 लाख रुपए की मांग को लेकर प्रीति के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी बीच 10 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे परिवार को सूचना मिली कि प्रीति ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां प्रीति का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शव को कब्जे में लेकर हांसी के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया।
मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति सोनू, जेठ अनूप, ननद रीना, ननद बर्फी, ससुर रामकुमार और जेठानी सोनम समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।दूसरी ओर ससुराल पक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि पति सोनू रोहतक में एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि ससुर बीमार हैं और जेठ फरीदाबाद में रहते हैं।बताया जा रहा है कि प्रीति हांसी क्षेत्र के एक निजी स्कूल में अध्यापिका थी। शनिवार सुबह से ही अस्पताल में दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए और समझौते के प्रयास भी चलते रहे।सदर थाना प्रभारी पवित्र सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
shubham