बजट सत्र के आखिरी दिन CM का विपक्ष पर हमला कांग्रेस विधायकों की गैरहाजिरी पर सियासत गरमाई

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन CM नायब सैनी ने कांग्रेस विधायकों की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए, क्रॉस वोटिंग मुद्दे पर सदन में हंगामे के आसार।

बजट सत्र के आखिरी दिन CM का विपक्ष पर हमला  कांग्रेस विधायकों की गैरहाजिरी पर सियासत गरमाई

CM नायब सैनी ने कांग्रेस विधायकों की गैरमौजूदगी पर जताई नाराजगी
प्रश्नकाल में विपक्ष की अनुपस्थिति पर कहा- जनता के मुद्दों के प्रति गंभीर नहीं
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर आज भी सदन में हंगामे के आसार


हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन भी सियासी माहौल गरमाया हुआ है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में कांग्रेस विधायकों की गैरमौजूदगी को लेकर कड़ा रुख अपनाया।उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल सुबह 11 बजे शुरू होना था, लेकिन विपक्षी विधायक समय पर नहीं पहुंचे। इसे उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे साफ होता है कि विपक्ष जनता के सवालों को लेकर गंभीर नहीं है

सदन में प्रश्नकाल को लोकतंत्र का सबसे अहम हिस्सा माना जाता है, जहां जनता से जुड़े मुद्दे उठाए जाते हैं। लेकिन आज कांग्रेस विधायकों की अनुपस्थिति ने इस प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए।सत्तापक्ष ने इसे विपक्ष की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया।वहीं, राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग का मामला आज भी सदन में गूंज सकता है।INLD विधायक अदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला ने इस मुद्दे पर सदन में चर्चा के लिए प्रस्ताव पेश किया है। उनका कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और इसके पीछे क्या कारण रहे

INLD विधायकों का मानना है कि इस मुद्दे पर खुली चर्चा जरूरी है, ताकि प्रदेश की जनता को पूरी सच्चाई पता चल सके।इस प्रस्ताव के चलते आज सदन में हंगामे और तीखी बहस की पूरी संभावना जताई जा रही है।बजट सत्र के अंतिम दिन जहां एक ओर सरकार विपक्ष पर हमलावर है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष और अन्य दल क्रॉस वोटिंग मुद्दे को लेकर सरकार और कांग्रेस दोनों को घेरने की तैयारी में हैं।ऐसे में साफ है कि सत्र का आखिरी दिन भी सियासी टकराव और आरोप-प्रत्यारोप के बीच खत्म हो सकता है।