हरियाणा बजट सत्र से पहले कांग्रेस का पैदल मार्च, पेंशन और नौकरी पर सरकार घिरने की तैयारी; विनेश फोगाट समेत 20 विधायकों के सवाल

हरियाणा बजट सत्र के तीसरे दिन से पहले कांग्रेस का पैदल मार्च। पेंशन, नौकरी और खिलाड़ियों के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी, विनेश फोगाट समेत 20 विधायकों ने लगाए सवाल।

हरियाणा बजट सत्र से पहले कांग्रेस का पैदल मार्च, पेंशन और नौकरी पर सरकार घिरने की तैयारी; विनेश फोगाट समेत 20 विधायकों के सवाल

एमएलए हॉस्टल से विधानसभा तक पैदल मार्च
पेंशन की 13 कैटेगरी पर सरकार से जवाब तलब
खिलाड़ियों और स्टेडियम निर्माण पर भी उठेंगे सवाल



हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन से पहले सियासी तापमान बढ़ गया है। कांग्रेस ने पेंशन और नौकरी के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए पैदल मार्च निकाला। सुबह 10 बजे एमएलए हॉस्टल से विधानसभा तक निकाले जा रहे इस मार्च का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा कर रहे हैं।

सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी। कांग्रेस और सत्तापक्ष बीजेपी के कुल 20 विधायकों ने विभिन्न मुद्दों पर सवाल लगाए हैं। वहीं पूर्व अंतरराष्ट्रीय रेसलर और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाया है।

.

पेंशन का मुद्दा रहेगा केंद्र में

सरकार द्वारा दी जा रही 13 श्रेणियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर कांग्रेस ने विस्तृत जानकारी मांगी है। कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने 31 अगस्त 2024 तक वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग और निराश्रित श्रेणियों में लाभार्थियों की संख्या पूछी है। साथ ही 31 जनवरी 2026 तक इसमें हुए बदलाव, बंद की गई पेंशनों और उनके कारणों का भी विवरण मांगा है।

स्टेडियम और स्विमिंग पूल पर सवाल

थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने खेल मंत्री गौरव गौतम से ज्योतिसर और किरमच गांव में स्टेडियम निर्माण को लेकर प्रश्न किया है। वहीं महम से विधायक बलराम दांगी ने बाढ़ और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्तावित 102 करोड़ की पाइपलाइन परियोजना पर जानकारी मांगी है।

जुलाना से विधायक विनेश फोगाट ने गांव रामराय में स्विमिंग पूल निर्माण को लेकर सवाल किया है। उन्होंने पूछा है कि क्या दो एकड़ भूमि दान में मिली थी और यदि हां, तो निर्माण प्रस्ताव पर अब तक क्या कार्रवाई हुई।

दूसरे दिन हुआ था हंगामा

बजट सत्र का दूसरा दिन काफी हंगामेदार रहा। कांग्रेस ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक समेत तीन कथित घोटालों का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरा और वॉकआउट किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई दी थी। सोमवार को कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा और बीजेपी मंत्री कृष्ण बेदी के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली थी।