Video: कांग्रेस की 25 प्रतिशत वोट शिफ्ट हुई, एक वोट से हारा निर्दलीय प्रत्याशी : सीएम सैणी

हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्यसभा चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के 25% विधायक ट्रांसफर हो चुके हैं और 9 वोटों का बड़ा नुकसान हुआ है।

Video: कांग्रेस की 25 प्रतिशत वोट शिफ्ट हुई, एक वोट से हारा निर्दलीय प्रत्याशी  :  सीएम सैणी

सीएम नायब सैनी ने रिजल्ट के बाद कांग्रेस पर साधा निशाना
कहा- 4 वोट रद्द, 5 क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस को 9 वोटों का झटका
इनेलो को बताया कांग्रेस की ‘बी टीम’, कहा- नांदल की जीत रुक गई


हरियाणा राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद देर रात करीब 2:20 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मीडिया के सामने आए और अपने अंदाज में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध को जीत की बधाई दी, लेकिन साथ ही कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर कई सवाल खड़े कर दिए।

सीएम सैनी ने चुनाव को “बेहद रोचक” बताते हुए चुटकी ली कि पहली बार ऐसा देखने को मिला कि कांग्रेस को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने विधायकों को “बंदी बनाकर” अलग-अलग जगहों पर घुमाया, जो अंदरूनी अविश्वास को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रभारी खुद पोलिंग एजेंट की भूमिका में नजर आए, जो इस बात का संकेत है कि पार्टी अपने ही विधायकों पर भरोसा खो चुकी है।

9 वोटों का झटका, 25% विधायक ‘ट्रांसफर’

सीएम सैनी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस को इस चुनाव में बड़ा नुकसान हुआ है। उनके अनुसार कांग्रेस के 4 वोट रद्द हुए और 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, यानी कुल 9 वोटों का झटका लगा।

उन्होंने दावा किया कि इसका सीधा मतलब है कि कांग्रेस के लगभग 25 प्रतिशत विधायक “ट्रांसफर” हो चुके हैं, जो पार्टी के लिए गंभीर संकेत है।

1 वोट से हारे नांदल, इनेलो पर भी निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल की हार महज एक वोट के अंतर से हुई। उन्होंने इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) पर भी निशाना साधते हुए उसे कांग्रेस की “बी टीम” बताया।

सीएम ने कहा कि यदि इनेलो के दोनों विधायक वोटिंग में हिस्सा लेते, तो नतीजे अलग हो सकते थे और निर्दलीय उम्मीदवार की जीत तय थी।

चुनाव आयोग पर आरोपों को बताया गलत

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस द्वारा रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव प्रक्रिया पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और चुनाव आयोग के फैसलों का सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस परंपरागत रूप से लोकतांत्रिक मर्यादाओं को कुचलने का काम करती रही है।

सीएम सैनी के इस बयान के बाद हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी घमासान और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।