हरियाणा में शीतलहर अलर्ट, हिसार सबसे ठंडा
हरियाणा में शीतलहर से ठंड बढ़ गई है। 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी। हिसार 3.5°C पर सबसे ठंडा रहा। अगले 5 दिन तापमान और गिरने व धुंध बढ़ने की संभावना।
➤हरियाणा में बर्फीली हवा से तापमान में भारी गिरावट
➤7 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी
➤हिसार 3.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा शहर
हरियाणा में ठंड लगातार बढ़ रही है। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन तेज कर दी है। 7 जिलों सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक शीतलहर का असर और बढ़ सकता है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। हिसार में रात का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम रिकॉर्ड है।
दिसंबर माह में हरियाणा के हिसार, नारनौल और महेंद्रगढ़ में तापमान अक्सर जमाव बिंदु के आसपास पहुंच जाता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है।
दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2–3 डिग्री कम दर्ज किया गया है। हिसार और भिवानी में 25.0°C, फरीदाबाद में 27.2°C रहा, जबकि सुबह-शाम की ठिठुरन ने लोगों को प्रभावित किया।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि राज्य में 5 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर और पश्चिमी हरियाणा में सुबह हल्की धुंध तथा दक्षिणी हिस्सों में मध्यम धुंध रहने की आशंका है। सुबह-शाम शीत हवाएं चलने से ठंड बनी रहेगी, हालांकि दिन में धूप निकलने के आसार हैं।
पशु वैज्ञानिकों ने किसानों को सुझाव दिया है कि पशुओं को छत के नीचे बांधें और पास ही अलाव जलाकर बचाव करें।
Author1