क्रॉस वोटिंग के बाद विधायक इसराइल की सुरक्षा बढ़ी, बेटे ने तोड़ा रिश्ता
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद विधायक मोहम्मद इसराइल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बेटे नाजिम चौधरी ने पिता पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए उनसे रिश्ता तोड़ लिया।
■ क्रॉस वोटिंग के बाद विधायक मोहम्मद इसराइल की सुरक्षा बढ़ाई गई
■ 6 पुलिसकर्मी तैनात, DC-SP पहुंचे आवास पर
■ बेटे ने पिता से तोड़ा रिश्ता, बोला- कांग्रेस से किया विश्वासघात
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद फरीदाबाद जिले के हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। विवाद बढ़ने के बीच उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब उनकी सुरक्षा में कुल 6 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिसमें 4 सुरक्षाकर्मी उनके साथ पायलट गाड़ी में रहेंगे, जबकि 2 जवान उनके हथीन स्थित आवास पर तैनात किए गए हैं। इससे पहले भी उन्हें 2 PSO मिले हुए थे।
शनिवार को ईद के मौके पर फरीदाबाद के DC हरीश कुमार वशिष्ठ और SP वरुण सिंगला उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें बधाई दी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी नजर आई। सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब विधायक के बेटे नाजिम चौधरी ने सार्वजनिक रूप से अपने पिता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। एक चैनल को दिए इंटरव्यू में नाजिम ने कहा कि वह कांग्रेस का सच्चा सिपाही है और हमेशा पार्टी के साथ रहेगा। उन्होंने अपने पिता पर आरोप लगाया कि उन्होंने क्रॉस वोटिंग कर कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है।
नाजिम ने साफ कहा कि वह अपने पिता से रिश्ता तोड़ रहे हैं और उनकी दौलत व पहचान को भी ठुकरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अब अलग घर बनाकर रहेंगे और केवल अपनी मां से मिलने ही घर जाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस पूरे मामले में उनके चाचा DSP एमएस खान की भी भूमिका रही है, जिससे उन्होंने नाता तोड़ लिया है।नाजिम ने कहा कि उनका परिवार हरियाणा की राजनीति में कई पीढ़ियों से सक्रिय रहा है और कभी कोई दाग नहीं लगा। लेकिन इस घटना ने परिवार की साख को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने यह भी मांग की कि क्रॉस वोटिंग करने वाले सभी विधायकों के नाम सार्वजनिक किए जाएं और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, जिसमें उनके पिता भी शामिल हैं।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, इस क्रॉस वोटिंग के पीछे 2027 में होने वाला विधानसभा परिसीमन एक अहम वजह माना जा रहा है। साथ ही विधायक इसराइल की पार्टी के भीतर हुड्डा गुट से बढ़ती दूरी भी एक कारण बताई जा रही है।वहीं कांग्रेस हाईकमान ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 20 मार्च को क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विधायक इसराइल ने पहले कहा था कि उन्होंने अपनी “अंतरात्मा की आवाज़” पर वोट दिया है और ईद के बाद वह इस पर अपना पक्ष रखेंगे।इस पूरे घटनाक्रम ने हरियाणा कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के संकेत दे रहा है।
shubham