फरीदाबाद में पत्नी के साथ रह रहे युवक को पति ने मारी गोली, हालत नाजुक,आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फरीदाबाद की राजीव कॉलोनी में पत्नी के साथ रह रहे युवक को कथित तौर पर पति ने गोली मार दी। घायल युवक ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पत्नी के साथ रह रहे युवक को घर में घुसकर मारी गोली
गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर, पुलिस ने शुरू की जांच
फरार आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज, तलाश जारी
फरीदाबाद में पत्नी के साथ रह रहे युवक को पति ने मारी गोली, हालत नाजुक; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित राजीव कॉलोनी में रिश्तों के विवाद के बीच एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के पति ने देर रात घर में घुसकर उस युवक पर फायरिंग कर दी, जिसके साथ उसकी पत्नी रह रही थी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी विजय की शादी सुमन से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया और दोनों अलग-अलग रहने लगे। बताया जा रहा है कि पति से अलग होने के बाद सुमन करीब एक महीने पहले विपिन यादव नामक युवक के साथ फरीदाबाद की राजीव कॉलोनी में रहने लगी थी।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि देर रात सेक्टर-58 थाना पुलिस को राजीव कॉलोनी में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां विपिन यादव घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर में गोली लगी थी। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना को महिला के पति विजय ने अंजाम दिया। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
वहीं, जिस मकान में सुमन और विपिन रह रहे थे, उसके मालिक विकास ने बताया कि देर रात उन्हें महिला के रोने की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर निकले तो छत पर खून फैला हुआ था और युवक घायल पड़ा था। उन्होंने बताया कि दोनों करीब 15 दिन पहले ही उनके मकान में किराये पर रहने आए थे। उन्हें उनके निजी विवाद की कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
pooja