हरियाणा में 100 से ज्यादा जगहों पर जलेगा रावण, जानें किस शहर में जलेगा सबसे ऊंचा पुतला
हरियाणा में विजयदशमी पर 100 से ज्यादा जगहों पर रावण दहन होगा। पंचकूला में 181 फीट ऊंचा पुतला रिमोट से दहन होगा। हिसार, कैथल और जींद में विशेष इफेक्ट्स वाले रावण आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
➤ हरियाणा में 100 से अधिक स्थानों पर रावण दहन की तैयारी
➤ पंचकूला में सबसे ऊंचा 181 फीट का रावण, रिमोट से होगा दहन
➤ हिसार, कैथल और जींद में विशेष इफेक्ट्स वाले रावण के पुतले
हरियाणा में विजयदशमी पर्व पर इस बार 100 से अधिक स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। गुरुवार को होने वाले इन आयोजनों को लेकर विभिन्न जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंचकूला में इस बार प्रदेश का सबसे ऊंचा 181 फीट का रावण खड़ा किया गया है, जिसका दहन रिमोट कंट्रोल से किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सैनी के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। बुधवार को यहां रिहर्सल भी की गई।
हिसार और कैथल में इस बार खास आकर्षण देखने को मिलेगा। हिसार में रावण की गर्दन घूमेगी और मुकुट से रोशनी निकलेगी, जबकि कैथल में रावण का सिर घूमेगा और कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों से आग निकलेगी। जींद में तो रावण का पुतला गर्दन हिलाता और पलक झपकाता भी दिखाई देगा।
रोहतक में 5 स्थानों पर दशहरा उत्सव होगा, जिसमें पुराना आईटीआई मैदान पर सबसे ऊंचा 75 फीट का रावण दहन किया जाएगा। यहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा भी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 35 स्थानों पर दशहरा मेले होंगे।
भिवानी में 100 फीट ऊंचे रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा, जबकि अंबाला में 2 स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। सोनीपत में 60 फीट ऊंचा पुतला कामी रोड रामलीला मैदान में जलाया जाएगा। नूंह, नारनौल, महेंद्रगढ़, अटेली, बहादुरगढ़, फरीदाबाद और फतेहाबाद में भी जगह-जगह उत्सव मनाया जाएगा।
यमुनानगर में 15 स्थानों पर रावण दहन होगा, जिसमें सबसे बड़ा 90 फीट का पुतला तेजली स्टेडियम के सामने लगाया गया है। करनाल में 65 फीट का रावण दहन किया जाएगा, जबकि पानीपत में 100 फीट का रावण सेक्टर 25 में जलाया जाएगा। कुरुक्षेत्र में 65 फीट ऊंचा पुतला लगाया गया है, जिसमें 600 बम फिट किए गए हैं और रावण के मुंह से आग निकलेगी।
प्रदेशभर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने रूट डायवर्जन और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। साथ ही पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।