पंचकूला में युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड किया
पंचकूला के ढालूवाल गांव में 26 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक दो महीने की बच्ची का पिता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
• पंचकूला के ढालूवाल गांव में युवक ने फांसी लगाकर दी जान
• मृतक दो महीने की बच्ची का पिता था और निजी कंपनी में करता था नौकरी
• पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी
हरियाणा के पंचकूला जिले में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना पिंजौर के अमरावती क्षेत्र के गांव ढालूवाल की है, जहां 26 वर्षीय युवक ने अपने घर में यह कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान ढालूवाल निवासी पप्पू पुत्र किशोरी लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शादीशुदा था और उसकी दो महीने की एक बच्ची भी है।
घटना की सूचना मिलते ही अमरावती पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कालका मोर्च्युरी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अमरावती चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जांच के लिए कई नमूने एकत्र किए हैं।
पुलिस के अनुसार फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पप्पू एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसकी अचानक मौत के बाद पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।
pooja