अवैध माइनिंग रोकने में लापरवाही पर बड़ा एक्शन सहायक खनन अभियंता सस्पेंड

पंचकूला ग्रीवेंस कमेटी बैठक में अवैध माइनिंग रोकने में लापरवाही पर सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को सस्पेंड कर दिया गया।

अवैध माइनिंग रोकने में लापरवाही पर बड़ा एक्शन सहायक खनन अभियंता सस्पेंड

पंचकूला में सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद सस्पेंड

राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा और कार्तिक शर्मा की मांग पर कार्रवाई

ग्रीवेंस कमेटी बैठक में अवैध माइनिंग समेत कई शिकायतों पर सुनवाई

हरियाणा के पंचकूला में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के दौरान बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला। पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। उन पर अवैध माइनिंग नहीं रोक पाने के आरोप लगे थे।

यह कार्रवाई राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा और कार्तिक शर्मा की मांग पर की गई। बैठक में अवैध खनन को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद मंत्री ने सख्त रुख अपनाया।

पंचकूला के PWD रेस्ट हाउस में आयोजित इस ग्रीवेंस कमेटी मीटिंग की अध्यक्षता पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने की। बैठक में राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा, पूर्व विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल समेत कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

बैठक में गांव रत्तेवाली के निवासियों ने गांव की जमीन पर अवैध माइनिंग होने की शिकायत रखी। जिला माइनिंग इंजीनियर ने बताया कि इलाके में अवैध खनन रोकने के लिए दो अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और फिलहाल कोई नई शिकायत सामने नहीं आई है।

वहीं, रायपुररानी निवासी गुरनाम सिंह ने स्कूल और समलेहड़ी मार्ग पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। इस मामले में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के खिलाफ नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने जल्द अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया।

माजरी गांव निवासी अमित ने मंदिर के पास अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने शेड डालकर जमीन पर कब्जा कर लिया है। मंत्री ने अधिकारियों को तुरंत कब्जा हटाने के निर्देश दिए।

बैठक में पिंजौर निवासी राजबाला ने बारिश के दौरान नाले के पास बिजली पोल गिरने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि पोल को दोबारा खड़ा तो कर दिया गया, लेकिन उसे कोई सपोर्ट नहीं दी गई। इस पर मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किया।

बुढनपुर निवासी राजकुमार जैन ने क्षेत्र में अवैध मंडी और मीट की दुकानों की शिकायत की। मंत्री विपुल गोयल ने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके अलावा कंडियाला गांव के सरपंच करण सिंह ने गांव में ट्यूबवेल के लिए मंजूर 41 लाख रुपए के बजट के बावजूद काम शुरू न होने का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से जवाब मांगा और मुख्यालय स्तर पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

खोलमाला गांव के सरपंच जगतार सिंह ने गांव की खराब लिंक रोड की मरम्मत की मांग रखी। अधिकारियों ने बताया कि सड़क परियोजना नाबार्ड से मंजूर हो चुकी है और जल्द काम शुरू किया जाएगा।