Breaking: हरियाणा के कई जिलों में सुबह महसूस हुए भूकंप के झटके

हरियाणा के कई जिलों में सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर ऑफ सिसमोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र रेवाड़ी में था और इसकी तीव्रता 2.8 रही, जबकि झटके जमीन के 5 किलोमीटर नीचे दर्ज हुए।

Breaking:  हरियाणा के कई जिलों में सुबह महसूस हुए भूकंप के झटके


रेवाड़ी रहा भूकंप का केंद्र, तीव्रता 2.8 दर्ज
गुरुग्राम में पंखे हिलते देख लोग घरों से बाहर निकले


हरियाणा के कई जिलों में सोमवार सुबह अचानक भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। खासतौर पर गुरुग्राम और रेवाड़ी में लोगों ने अपने घरों के अंदर पंखे और हल्की वस्तुएं हिलती हुई देखीं। इसके बाद कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर तक खुले स्थानों पर खड़े रहे। हालांकि झटके हल्के होने के कारण किसी तरह के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।

नेशनल सेंटर ऑफ सिसमोलॉजी (NCS) के अनुसार इस भूकंप का केंद्र हरियाणा के रेवाड़ी जिले में था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई है। वैज्ञानिकों के मुताबिक यह हल्की तीव्रता का भूकंप था, इसलिए इसका असर सीमित क्षेत्रों तक ही महसूस हुआ।

एनसीएस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर करीब 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। यह कंपन सुबह करीब 7 बजकर 1 मिनट पर दर्ज की गई। हल्के झटकों के कारण किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

भूकंप के झटके महसूस होने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर भी अपने अनुभव साझा किए। गुरुग्राम के कुछ इलाकों में लोगों ने बताया कि उन्हें घरों में पंखे हिलते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद वे तुरंत घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।