हरियाणा में 22 लाख बिजली डिफॉल्टर, बकाया 7 हजार करोड़ पार, वन टाइम सेटलमेंट स्कीम शुरू
हरियाणा में बिजली वितरण निगम गंभीर वित्तीय संकट में। 7,695 करोड़ रुपए का बकाया, 22 लाख से अधिक उपभोक्ता डिफाल्टर। वन टाइम सेटलमेंट स्कीम के तहत उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है।
➤ हरियाणा बिजली निगमों पर बकाया 7,695 करोड़ से अधिक
➤ 22 लाख से ज्यादा उपभोक्ता डिफाल्टर, ग्रामीण क्षेत्र में सबसे अधिक बकाया
➤ वन टाइम सेटलमेंट स्कीम में 2 महीने बाकी, उपभोक्ताओं को छूट का लाभ लेने की अपील
हरियाणा के बिजली वितरण निगम गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) पर उपभोक्ताओं का बकाया जून 2025 तक बढ़कर कुल ₹7,695.62 करोड़ पहुंच गया है। आंकड़ों के अनुसार, न केवल ग्रामीण व शहरी घरेलू उपभोक्ता बल्कि औद्योगिक इकाइयां व सरकारी विभाग भी बिजली के बिल चुकाने में पीछे हैं। सरकारी तंत्र से भी वसूली न हो पाने के कारण निगमों की वित्तीय स्थिति अत्यंत कमजोर हो गई है।
वर्तमान में हरियाणा में 22 लाख 21 हजार 315 उपभोक्ता डिफाल्टर बन चुके हैं। इनमें कई ऐसे उपभोक्ता शामिल हैं जिनकी बिजली आपूर्ति अभी भी चालू है, जबकि कई का कनेक्शन पहले ही काट दिया गया है। सबसे अधिक बकाया ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं का है, जो करीब ₹4,400 करोड़ तक पहुंच चुका है। शहरी घरेलू उपभोक्ताओं पर ₹834 करोड़, कृषि क्षेत्र के किसानों पर ₹194 करोड़, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं पर ₹770 करोड़ और औद्योगिक इकाइयों पर ₹1,063 करोड़ से अधिक का बकाया है। सरकारी विभागों के बकाये की राशि ₹389 करोड़ है, जबकि अन्य श्रेणियों में ₹43 करोड़ का बकाया दर्ज किया गया है।
बिजली का बिल न चुकाने पर पहले जुर्माना व ब्याज लगाया जाता है, फिर कनेक्शन कट सकता है। कनेक्शन कटने के बाद उसे दोबारा जोड़ने पर शुल्क देना पड़ता है। यदि बकाया बिल चुकाया नहीं गया तो यह राशि लाखों रुपए तक पहुँच सकती है।
इस समस्या से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लागू की है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस योजना के तहत डिफाल्टरों को बड़ी राहत दी है। योजना के तहत पेंडिंग बिल का एकमुश्त भुगतान करने पर 10% की छूट दी जा रही है। साथ ही 100% सरचार्ज माफ किया जा रहा है। किश्तों में भुगतान करने पर भी 100% सरचार्ज माफ होगा। घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा इंडस्ट्री एवं अन्य उपभोक्ताओं को भी 50% सरचार्ज में छूट दी गई है।
इस स्कीम को चार महीने पहले शुरू किया गया था और यह कुल छह महीने तक लागू रहेगी। योजना पूरी होने में अब सिर्फ दो महीने शेष हैं। अनिल विज ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि वे अपने बकाया बिल का बोझ कम कर सकें। अच्छा रिस्पांस मिलने पर इस योजना की अवधि बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।