Breaking: हरियाणा बोर्ड ने जारी किया HTET रिजल्ट, सिर्फ 14% परीक्षार्थी हुए पास
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। इस बार करीब 14% परीक्षार्थी ही पास हुए हैं। 3.31 लाख में सिर्फ 47 हजार उम्मीदवार सफल रहे।
-
HBSE ने जारी किया HTET का रिजल्ट, करीब 14 प्रतिशत परीक्षार्थी हुए पास
-
3.31 लाख में सिर्फ 47 हजार सफल, लेवल-3 का परिणाम सबसे कम रहा
-
101 दिन बाद आया परिणाम, शिक्षा बोर्ड ने बिना प्रेस कॉन्फ्रेंस किया ऐलान
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने आखिरकार हरियाणा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (HTET) का परिणाम जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा में करीब 14 प्रतिशत परीक्षार्थी ही सफल हो पाए हैं। कुल 3.31 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से लगभग 47 हजार उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की।
शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, लेवल-1 (PRT) का परीक्षा परिणाम 16.2 प्रतिशत, लेवल-2 (TGT) का परिणाम 16.4 प्रतिशत और लेवल-3 (PGT) का परिणाम मात्र 9.6 प्रतिशत रहा।
HBSE चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा और उप अधीक्षक सतीश कुमार ने शिक्षा बोर्ड के यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर परिणाम की घोषणा की। इस बार बोर्ड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किए बिना ही रिजल्ट जारी किया।
परीक्षा के 101 दिन बाद परिणाम घोषित किया गया है। 30 और 31 जुलाई को आयोजित इस परीक्षा का रिजल्ट लंबे इंतजार के बाद जारी हुआ। शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने एक महीने में परिणाम देने का वादा किया था, लेकिन देरी के कारण परीक्षार्थियों को तीन महीने से ज्यादा इंतजार करना पड़ा।
HTET की परीक्षा में इस बार 3,31,041 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें PGT लेवल-3 के लिए 1,20,943 ने आवेदन किया और 1,00,559 ने परीक्षा दी। TGT लेवल-2 के लिए 2,01,517 ने आवेदन किया और 1,67,000 ने परीक्षा दी, जबकि PRT लेवल-1 में 82,917 ने आवेदन किया और 66,000 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
पिछली बार हुई HTET परीक्षा का औसत परिणाम 14.52 प्रतिशत रहा था। नियमों के अनुसार, सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 150 में से 90 अंक और एससी वर्ग के उम्मीदवारों को 150 में से 82 अंक हासिल करना अनिवार्य है।
Author1